मोतिहारी में भू-माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, सरकारी जमीन पर अवैध मिट्टी भराई रुकवाई, हाइवा और स्कूटी जब्त

छतौनी थाना में मिट्टी लदा जप्त डंपर
मोतिहारी के सदर अंचल क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा सरकारी जमीन पर रात के अंधेरे में अवैध मिट्टी भराई कर कब्जा करने के प्रयास को प्रशासन ने विफल कर दिया है. पांच लोगों पर एफआईआर की तैयारी है और एक हाइवा व इलेक्ट्रिक स्कूटी जब्त की गई है.
Land Mafia Motihari: मोतिहारी के सदर अंचल क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जे की कथित कोशिश को प्रशासन ने विफल कर दिया. हवाई अड्डा के समीप नगर परिषद हल्का क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध रूप से मिट्टी भराई कराई जा रही थी. सूचना मिलते ही अंचल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और मिट्टी भराई का कार्य तत्काल रुकवा दिया.
पांच लोगों पर एफआईआर की तैयारी
सदर अंचलाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए छतौनी थाना में आवेदन दिया गया है. प्रारंभिक जांच में सरकारी भूमि पर कब्जे की नीयत से मिट्टी भराई कराने की बात सामने आई है.
पुलिस की रेकी कर रहे थे लोग
सीओ के अनुसार, अवैध मिट्टी भराई के दौरान एक-दो लोगों को निगरानी के लिए लगाया गया था. उनका काम पुलिस और प्रशासनिक वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखना था.
जैसे ही प्रशासन की गाड़ी आती दिखाई देती थी, वे मिट्टी भराई में लगे लोगों को सतर्क कर देते थे. वाहन निकल जाने के बाद दोबारा मिट्टी भराई शुरू कर दी जाती थी.
हाइवा और स्कूटी जब्त
प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान एक हाइवा और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित अन्य वाहनों को जब्त किया है. सीओ ने बताया कि अवैध मिट्टी भराई चर्च के पहले टर्निंग पर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित सरकारी भूमि पर की जा रही थी.
इन इलाकों को बताया संवेदनशील
सदर अंचलाधिकारी ने बताया कि सदर अंचल के नगर परिषद हल्का, बरियारपुर, चन्द्रहिया और अमर छतौनी क्षेत्र भू-माफियाओं की गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील हैं. इन इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है.
| कार्रवाई | विवरण |
| स्थान | हवाई अड्डा के समीप सरकारी भूमि |
| आरोप | अवैध मिट्टी भराई कर कब्जे की कोशिश |
| एफआईआर | 5 लोगों के खिलाफ आवेदन |
| जब्त वाहन | एक हाइवा, एक इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं अन्य वाहन |
| जांच | सदर अंचल प्रशासन द्वारा जारी |
डीएम ने दिए सख्त संकेत
पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है. सदर अंचलाधिकारी सुनील कुमार ने भी स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सामंत कुमार गौतम
सामंत वर्ष 2013 से यानी पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वाणिज्य (बी.कॉम) और कानून (एलएलबी) स्नातक सामंत को समाचार संकलन, संपादन, कंप्यूटर तकनीक और समाचार प्रबंधन का व्यापक अनुभव है. ये पत्रकारिता के साथ-साथ समाचारों के तकनीकी व प्रबंधकीय कार्यों में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










