ऑनलाइन हाजिरी बनाकर गायब रहने वाले शिक्षकों पर अब होगी कार्रवाई

फ़ोटो बीआरसी में एचएम के साथ बैठक कर निर्देश देते बीईओ | Prabhat Khabar Network
पताही प्रखंड में सरकारी शिक्षकों की मनमानी पर अब नकेल कसी जाएगी. ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कर विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले और कक्षा में बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल चलाने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई होगी.
पताही: प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कर विद्यालय से गायब रहने वाले शिक्षकों और कक्षा में बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल चलाने वाले शिक्षकों पर अब सख्त कार्रवाई होगी. नवपदस्थापित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) शंकर कुमार ने बुधवार को बीआरसी में आयोजित बैठक में सभी प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को यह स्पष्ट निर्देश दिया.
समय पर स्कूल पहुंचें, रूटीन के अनुसार लें कक्षाएं
बैठक में बीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिक्षक विद्यालय समय पर पहुंचे और निर्धारित समय तक विद्यालय में मौजूद रहे. साथ ही रूटीन के अनुसार कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक शिक्षकों की जवाबदेही तय करें और किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
क्लास में मोबाइल चलाने पर भी होगी कार्रवाई
बीईओ शंकर कुमार ने कहा कि वर्ग संचालन के दौरान बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले शिक्षकों को भी बख्शा नहीं जाएगा. शिक्षकों का पूरा ध्यान गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर होना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और MDM पर विशेष जोर
बैठक में विद्यालयों की साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन (एमडीएम) उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए. बीईओ ने कहा कि छात्र-छात्राओं को भोजन कराने के बाद नियमित रूप से कक्षाओं में बैठाकर पढ़ाई कराई जाए.
निर्देश के बाद शिक्षकों में बढ़ी हलचल
बीईओ के सख्त निर्देश के बाद ऑनलाइन हाजिरी बनाकर विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले और लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों में हड़कंप मच गया है. शिक्षा विभाग अब विद्यालयों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने की तैयारी में है.
यह भी पढे़ं: बंजरिया: स्कूल पहुंची 'पुलिस दीदी' टीम, छात्राओं को साइबर फ्रॉड, मानव तस्करी और कानून की दी जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास कुमार
विकास कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










