अगले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का लक्ष्य : सीएम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि अगले पांच साल में बिहार के एक करोड़ युवाओं को रोजगार व नौकरी देने का लक्ष्य तय किया गया है.
— समृद्धि यात्रा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मधुबनी जिले को 391 करोड़ की योजनाओं का दिया तोहफा — 101 योजनाओं का सीएम ने किया शिलान्यास — 93 करोड़ की लागत से 294 योजनाओं का किया उद्घाटन — सभी प्रखंडों में आदर्श विद्यालय व डिग्री कॉलेज की होगी स्थापना — नये उद्योग और कौशल विकास पर होगा विशेष फोकस — नये नियोजित शहरों की स्थापना की जायेगी — पांच नये एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण होगा — ग्रामीण सड़कों का दो लेन चौड़ीकरण किया जायेगा मधुबनी . मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि अगले पांच साल में बिहार के एक करोड़ युवाओं को रोजगार व नौकरी देने का लक्ष्य तय किया गया है. सात निश्चय योजना पार्ट – 3 में बिहार को और अधिक तेजी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है. बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है. दोनों काम को और आगे बढ़ाया गया है. अगले पांच साल में और अधिक काम होगा, जिससे बिहार देश के विकसित टॉप राज्यों में शामिल हो जायेगा और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा. मुख्यमंत्री ने यह बातें समृद्धि यात्रा के तहत मंगलवार को अररिया संग्राम के दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं. उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 को पहली बार एनडीए की सरकार बनी थी, तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मधुबनी में 298 करोड़ रुपये की लागत से कुल 101 योजनाओं का शिलान्यास व 93 करोड़ की लागत से 294 योजनाओं का उद्घाटन किया. नयी एजुकेशन सिटी का होगा निर्माण सीएम ने कहा कि हम लोग लगातार विकास कर रहे हैं. 2005 से पहले के बिहार में कुछ नहीं किया गया था. लोग शाम के बाद घर से भी नहीं निकलते थे, लेकिन अब कानून का राज है. हर तरफ तेजी से काम हो रहा है. सात निश्चय योजना पार्ट 3 में (2025 से 2030 तक) में कई लक्ष्य तय किये गये हैं. इसमें एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार के साथ ही उद्योग को बढ़ावा दिया जायेगा. इसके लिए नये उद्योग और कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है. इसी प्रकार राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रखंडों में आदर्श विद्यालय व डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी. नये एजुकेशन सिटी का निर्माण किया जायेगा. अस्पतालों को किया जायेगा विकसित मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक व अच्छे प्रशासन के माध्यम से राज्य के सभी नागरिकों के जीवन को आसान बनाया जायेगा. राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के लिए जिला व प्रखंड के अस्पतालों को विशेष विकसित किया जायेगा. राज्य में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन दिया जायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि आधारभूत संरचनाओं को बेहतर किया जायेगा, जिससे शहरों का विकास और नये नियोजित शहरों की स्थापना की जायेगी. पांच नये एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण व ग्रामीण सड़कों का दो-लेन चौड़ीकरण किया जायेगा. सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र बनेंगे अगले पांच वर्षों में सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जायेगी. नये उद्योगों के लिए पर्याप्त भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है. पुरानी बंद चीनी मिलों को चालू किया जायेगा. इस दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार, राज्य सभा सांसद संजय कुमार झा, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, लेसी सिंह, विनोद नारायण झा, सांसद आरपी मंडल, विधायक नीतीश मिश्र, एमएलसी घनश्याम ठाकुर, विधायक शीला कुमारी, मीना कामत, सुधांशु शेखर, माधव आनंद, सुजीत कुमार, सतीश सिंह, बिंदु गुलाब यादव सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




