PHED News: सभी 11 प्रखंडों में एक सप्ताह के भीतर खराब नल-जल योजनाएं चालू करने के निर्देश

प्रतीकात्मक तस्वीर
मधुबनी पीएचईडी के नए कार्यपालक अभियंता धर्मेंद्र कुमार आनंद ने पदभार ग्रहण कर लिया है. उन्होंने सभी 11 प्रखंडों की नल-जल योजनाओं की समीक्षा कर एक सप्ताह के भीतर खराब योजनाओं को चालू कराने का निर्देश दिया है. विभाग स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
Madhubani News: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के नवपदस्थापित कार्यपालक अभियंता धर्मेंद्र कुमार आनंद ने बुधवार को पदभार ग्रहण किया. गया जिले के शेरघाटी से स्थानांतरित होकर आए कार्यपालक अभियंता ने योगदान देने के बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर नल-जल योजना की समीक्षा की.
सभी प्रखंडों की योजनाओं की हो रही समीक्षा
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि डिवीजन के सभी 11 प्रखंडों के कनीय अभियंताओं के साथ बैठक कर नल-जल योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई है. उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में करीब 28 हजार चापाकल चालू हैं और सभी प्रखंडों में नल-जल योजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है.
एक सप्ताह में खराब योजनाएं होंगी चालू
धर्मेंद्र कुमार आनंद ने कहा कि जिन स्थानों पर बिजली की समस्या, पाइपलाइन, वायरिंग, टोंटी (टैप) या जलमीनार में तकनीकी खराबी के कारण नल-जल योजना प्रभावित है, वहां संबंधित संवेदकों और कनीय अभियंताओं (जेई) को एक सप्ताह के भीतर योजनाएं चालू कराने का निर्देश दिया गया है.
पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभाग प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि इस वर्ष समय-समय पर हुई बारिश के कारण पेयजल संकट अपेक्षाकृत कम रहा है. इसके बावजूद विभाग नल-जल योजना को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी प्रभावित योजनाओं को जल्द चालू कराया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










