नए राशन कार्ड के लिए पोर्टल खुला, प्रखंड में 5 हजार पात्र परिवारों का बनेगा राशन कार्ड

फोटो बैठक में उपस्थित पदाधिकारी एवं विक्रेता | Prabhat Khabar Network
बिस्फी प्रखंड में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की बैठक में पात्र परिवारों को राशन कार्ड से वंचित न रहने देने का संकल्प लिया गया. सरकार के निर्देशानुसार, 5 हजार से अधिक परिवारों को जल्द ही नए राशन कार्ड का लाभ मिलेगा. आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई.
Madhubani News: बिस्फी प्रखंड के टीपीसी भवन सभागार में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कौशल कुमार मंडल ने की. बैठक में सरकार के निर्देशानुसार राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों का मिशन मोड में आवेदन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया.
5 हजार से अधिक पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कौशल कुमार मंडल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से नए राशन कार्ड बनाने के लिए पोर्टल बंद था, जिसे अब फिर से खोल दिया गया है. ऐसे में प्रखंड के पांच हजार से अधिक पात्र परिवारों का जल्द से जल्द आवेदन कराया जाएगा.
उन्होंने सभी जन वितरण विक्रेताओं से अपने-अपने पंचायत और गांव में व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे.
आवेदन के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी
बैठक में बताया गया कि राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा. इसके लिए आवेदक के पास आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पारिवारिक फोटो और बैंक पासबुक होना आवश्यक है. ग्रामीण क्षेत्रों के आवेदकों की वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: मधुबनी में सभी सरकारी अस्पतालों को मार्च 2027 तक सोलर ऊर्जा से जोड़ने की तैयारी
जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की. उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को आवेदन कराने में हर संभव मदद की जाए, ताकि सभी पात्र लोगों को सरकारी योजना का लाभ मिल सके.
बैठक में कार्यपालक सहायक उषा कुमारी, विक्रेता संघ के कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष मो. मसरूर फैजी, महताब आलम, रणधीर यादव, मो. मदनी, उपेंद्र यादव, नरेश कुमार साहू, बाबूजी ठाकुर सहित कई जन वितरण विक्रेता उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










