पंचायत समिति की बैठक में छाया जल संकट, ठप नल-जल योजना पर सदस्यों का हंगामा

Updated:
विज्ञापन

मेघदूतम सभागार में पंचायत समिति की बैठक में शामिल प्रमुख, उपप्रमुख, बीडीओ, सीओ व अन्य

बेनीपट्टी प्रखंड पंचायत समिति की बैठक में नल-जल योजनाओं के ठप होने और भीषण जल संकट को लेकर सदस्यों ने पुरजोर आवाज उठाई. अधिकारियों ने समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

Benipatti Panchayat Samiti Meeting: मेघदूतम सभागार में गुरुवार को प्रखंड प्रमुख सोनी देवी की अध्यक्षता में प्रखंड पंचायत समिति की बैठक हुई. बैठक में अधिकांश पंचायतों में बंद पड़ी नल-जल योजना, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था को लेकर सदस्यों ने गंभीर चिंता जताई.

जल संकट और ठप नल-जल योजना पर उठे सवाल

नवकरही पंचायत के मुखिया राम संजीवन यादव, सलहा के मुखिया रीझन ठाकुर, मनपौर पंचायत के मुखिया अमरेंद्र मिश्र उर्फ सुगन तथा पंचायत समिति सदस्य संतोष चौधरी ने कहा कि भीषण गर्मी और कम बारिश के कारण अधिकांश चापाकल सूख चुके हैं. जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है और लोग पेयजल के लिए परेशान हैं. ऐसे समय में भी नल-जल योजनाओं का बंद रहना बेहद गंभीर स्थिति है.

पाइपलाइन और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग

उपप्रमुख अशोक चौधरी ने पीएचईडी की जलमीनार से जुड़ी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण जलापूर्ति बाधित होने का मुद्दा उठाते हुए जल्द मरम्मत कराने का प्रस्ताव रखा.

वहीं संतोष चौधरी ने कहा कि हर सुबह बड़ी संख्या में लोग पानी की समस्या लेकर उनके पास पहुंचते हैं. उन्होंने बसैठ क्षेत्र में खराब बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठाते हुए पूरे क्षेत्र को चानपुरा फीडर से जोड़ने की मांग की.

पंचायत भवन और सिंचाई योजनाओं की भी उठी समस्या

नवकरही पंचायत के मुखिया राम संजीवन यादव ने बताया कि पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार है और पंचायत को सौंपा भी जा चुका है, लेकिन अब तक बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से कार्यालय का संचालन प्रभावित हो रहा है.

दामोदरपुर के पंचायत समिति सदस्य आशुतोष कुमार झा ने आरोप लगाया कि नहर के फाटक समय पर नहीं खोले जाने के कारण कई पंचायतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच रहा है. उन्होंने बंद पड़े नलकूपों को चालू कराने और सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की.

अधिकारियों ने समाधान का दिया भरोसा

बैठक में सड़क मरम्मत, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आपूर्ति और सहकारिता सहित कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

प्रखंड प्रमुख सोनी देवी और बीडीओ महेश्वर पंडित ने कहा कि खराब नल-जल योजनाओं की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जा रहा है. बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए जा रहे हैं तथा सभी विभागों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा.

बैठक में सीओ अभिषेक आनंद, आरडीओ अकरम नजफी, सीडीपीओ कुमारी रेखा, एमओ रोहित रंजन झा, बीईओ सह बीपीआरओ मधुकर कुमार, बीएओ नौशाद अहमद, पीओ संजीव रंजन मिश्रा, पीएचसी प्रभारी डॉ. पी.एन. झा, विद्युत जेई रंजीत कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें:

सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी मरीजों का भी होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, बनेगी आभा आईडी


विज्ञापन
Dhananjay Kumar Dhir

लेखक के बारे में

By Dhananjay Kumar Dhir

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन