Madhubani News : धनतेरस के मौके पर बाजारों में बढ़ी चहल पहल, लोगों ने जमकर की खरीदारी

Published by : GAJENDRA KUMAR Updated At : 18 Oct 2025 10:53 PM

विज्ञापन

प्रखंड मुख्यालय बाजार में शनिवार को धनतेरस के कारण चहल पहल बनी रही. देर शाम तक लोग खरीदारी में जुटे रहे.

विज्ञापन

बेनीपट्टी. प्रखंड मुख्यालय बाजार में शनिवार को धनतेरस के कारण चहल पहल बनी रही. देर शाम तक लोग खरीदारी में जुटे रहे. अहले सुबह से ही सोना चांदी दुकान, इलेक्ट्रॉनिक व बर्तन दुकानों के संचालक दुकान की साज सज्जा कर ग्राहकों को संभालने के लिये तैयार दिखे. समय बढ़ने के साथ-साथ लोगों की भीड़ बाजार का रुख करने लगी और शाम होते ही बाजार में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर बाजार में पहुंची और धनतेरस के मौके पर अपनी मनपसंद सामानों की खरीदारी कीं. वहीं बाइक एजेंसी में कई लोग बाइक खरीदते नजर आये. इसी तरह सड़क के फुटपाथों पर सजे देवी देवताओं की मूर्ति वाली दुकानों में भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ते देखी गयी. धनतेरस आते ही रौनक बढ़ गयी. लोगों ने बढ़चढ़कर खरीदारी की. हालांकि बड़ी संख्या में लोगों ने अधिकांश सामानों के दाम दोगुने हो जाने की बातें कहीं. वहीं कई लोग आमदनी अच्छी नही होने की बात कहते हुए महज एक चम्मच और ग्लास की खरीदारी कर धनतेरस की औपचारिकता पूरी करते देखे गये. इन सब के बावजूद सर्वाधिक भीड़ बर्तन और सोने-चांदी की दुकानों पर देखने को मिली. कुछ ऐसे भी लोग थे जो तिथि और मुहूर्त का हवाला देकर खरीदारी करने की बातें कह रहे थे. देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी था. इस दौरान काफी देर तक सड़कों पर जाम का नजारा बना रहा. वाहन चालक घंटों तक इस जाम में फंसे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिये छटपटाते रहे. कोई बाइ पास सड़क की तलाश में जुटे रहे तो कोई जाम खुलने की प्रत्याशा में डटे रहे. हालांकि दल बल के साथ बेनीपट्टी थाना पुलिस सघन गश्ती करती रही और जाम छुड़ाने के कवायद में जुटे रहने के साथ-साथ अपने वाहनों और सामानों की सुरक्षा खुद करने के लिये लोगों को निर्देश देती रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GAJENDRA KUMAR

लेखक के बारे में

By GAJENDRA KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन