Madhubani News: नगर थाने में घुसकर पुलिसकर्मी का पकड़ा कॉलर, आरोपी युवक गिरफ्तार
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 5:03 PM
नगर थाने में घुसकर पुलिसकर्मी का पकड़ा कॉलर, आरोपी युवक गिरफ्तार
Madhubani News: मधुबनी के नगर थाने में भाई को छुड़ाने पहुंचे युवक कमल चौहान ने पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की . सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.पढे़ं पूरी खबर…
मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिला अंतर्गत नगर थाना परिसर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है . यहां पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है.पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
थाना परिसर में मचा हड़कंप, पुलिसकर्मी से की धक्का-मुक्की
घटना सोमवार शाम की है, जब नगर थाना परिसर में अचानक हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई.एक युवक ने थाने में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की भी करने लगा.इस अप्रत्याशित हरकत से थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया.
भाई को छुड़ाने आया था आरोपी, संपत्ति को भी पहुंचाया नुकसान
आरोपी की पहचान सकरी थाना क्षेत्र के मुकर्रमपुर निवासी कमल चौहान के रूप में हुई है.नगरथानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कमल चौहान का भाई जालसाजी के एक मामले में सकरी थाना का आरोपी है, जिसे पुलिस पकड़कर नगर थाना लाई थी.अपने भाई की गिरफ्तारी से नाराज कमल चौहान ने थाने पहुंचकर पुलिस से बदसलूकी की.हंगामे के दौरान उसने थाने में रखे कुछ सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा और नियमित कार्य प्रभावित हुआ.
थानाध्यक्ष की चेतावनी: कानून से ऊपर कोई नहीं
इस मामले को लेकर नगर थाना में तैनात सिपाही धर्मेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.कानून से ऊपर कोई नहीं है और अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी.मंगलवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










