Madhubani News: ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत: ससुर और दो साले गिरफ्तार, जहर देने का आरोप

ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत
Madhubani News:मधुबनी के झंझारपुर में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने ससुर और दो सालों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.पढ़ें पूरी खबर…
Madhubani News: मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र के चनौरागोठ में 32 वर्षीय युवक किशुन ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक के पिता कपिलेश्वर ठाकुर के आवेदन पर पुलिस ने पत्नी, सास-ससुर और दो सालों समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ससुर भोला ठाकुर और दो सालों (कन्हैया व नुनु ठाकुर) को गिरफ्तार कर लिया है.
विवाद के बाद ससुराल गया था युवक
ताजपुर निवासी किशुन ठाकुर की शादी 12 साल पहले पार्वती देवी से हुई थी. परिजनों के अनुसार, 9 मई को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पार्वती अपने दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी. बुधवार सुबह किशुन उन्हें वापस लाने ससुराल पहुंचा था. शाम को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भाई ललन ठाकुर ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मारा है. उन्होंने बताया कि किशुन की हालत बिगड़ने की सूचना उन्हें काफी देर से दी गई. जब तक वे अस्पताल पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पत्नी और सास की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.
मधुबनी के झंझारपुर से कर्ण की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










