Madhubani News: मधुबनी डीएम का बेनीपट्टी दौरा, महमदपुर आपदा प्रशिक्षण केंद्र का किया निरीक्षण
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 7:49 PM
मधुबनी डीएम का बेनीपट्टी दौरा: महमदपुर आपदा प्रशिक्षण केंद्र का किया निरीक्षण
Madhubani News: मधुबनी डीएम आनंद शर्मा ने बेनीपट्टी के महमदपुर आपदा केंद्र का निरीक्षण कर जीवन रक्षी उपकरणों की जांच की.उन्होंने 21 प्रखंडों में मुस्तैद क्विक रिस्पांस टीम को सराहा और आपदा मित्रों को पुनः प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया.पढे़ं पूरी खबर…
मधुबनी के बेनीपट्टी से धनंजय कुमार धीरज की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मंगलवार को बेनीपट्टी प्रखंड के महमदपुर स्थित आपातकालीन प्रतिक्रिया सुविधा सह प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया.हरलाखी प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर से लौटने के क्रम में डीएम अचानक इस केंद्र पर पहुंचे और वहां उपलब्ध सभी सुविधाओं व संसाधनों का गहन जायजा लिया.
मोटर बोट और जीवन रक्षी उपकरणों की जांची कार्यक्षमता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र के सभी कमरों का भ्रमण किया और स्टोरेज, रबर बोट तथा ओबीएम (आउट बोर्ड मोटर) का निरीक्षण किया.उन्होंने आपदा से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों के संबंध में केंद्र प्रभारी सह सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) प्रदीप कुमार से विस्तार से पूछताछ की.डीएम ने विशेष रूप से पूछा कि आपदा के समय काम आने वाले मोटर बोट और अन्य जीवन रक्षी उपकरण पूरी तरह चालू (फंक्शनल) हैं या नहीं.इस पर केंद्र प्रभारी ने आश्वस्त किया कि सभी उपकरण दुरुस्त हैं और टीम त्वरित कार्रवाई (क्विक रिस्पांस) के लिए हमेशा तैयार रहती है.
30 सदस्यीय टीम चौबीस घंटे मुस्तैद, आपदा मित्रों को मिलेगा फिर से प्रशिक्षण
केंद्र प्रभारी ने डीएम को बताया कि वर्तमान में यहां 30 लोगों की टीम तैनात है.इसमें प्रभारी के अलावा 2 एसआइ, 3 हवलदार, 3 प्लावर और 22 फाइटर जवान शामिल हैं, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सक्षम हैं.जब डीएम ने कर्मियों के प्रशिक्षण के बारे में पूछा, तो बताया गया कि इन्हें नियमित ट्रेनिंग मिलती है.इस पर डीएम ने जिले के सभी आपदा मित्रों की कार्यकुशलता और क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें एक बार फिर से विशेष प्रशिक्षण दिलाने का निर्देश दिया.
कठिन मेहनत के बल पर 21 प्रखंडों में उत्कृष्ट सेवा
करीब आधे घंटे तक विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करने के बाद डीएम आनंद शर्मा ने टीम के कार्यों की सराहना की . उन्होंने कहा कि यह वाकई में एक ‘क्विक रिस्पांस टीम’ है, जो अपनी कठिन मेहनत के बल पर जिले के सभी 21 प्रखंडों में आपदा के समय उत्कृष्ट सेवा दे रही है . उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के लिए आगे भी हरसंभव कदम उठाए जाएंगे . इस मौके पर जिला आपदा प्रभारी रजनीश कुमार, एसडीएम शारंग पाणि पांडेय, एसडीपीओ अमित कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










