कैथीनिया गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध, कार्रवाई रुकी

Updated:
विज्ञापन
Madhubani News kathiniya encroachment drive stopped after villagers protest

अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस

Madhubani News: कैथीनिया गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. सही मापी नहीं होने के आरोप के बीच कार्रवाई टाल दी गई. अब एक सप्ताह के भीतर जमीन का सीमांकन कर दोबारा कार्रवाई की तैयारी है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani News: झंझारपुर अनुमंडल के लखनौर अंचल अंतर्गत कैथीनिया गांव में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. स्थिति ऐसी बनी कि करीब दो घंटे तक मशक्कत करने के बाद अधिकारियों को जेसीबी के साथ बिना कार्रवाई लौटना पड़ा. ग्रामीणों का कहना था कि जमीन की सही मापी किए बिना प्रशासन कार्रवाई करने पहुंच गया था.

नोटिस के बाद गांव पहुंची प्रशासनिक टीम

जानकारी के अनुसार सरकारी रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लखनौर अंचल कार्यालय की ओर से गांव के कुछ लोगों को नोटिस जारी किया गया था. इस मामले में एसडीएम कुमार गौरव ने राजस्व अधिकारी ऋषि कुमार राकेश को दंडाधिकारी नियुक्त किया था. इसके बाद प्रशासनिक टीम पुलिस बल और जेसीबी के साथ गांव पहुंची.

अतिक्रमण स्थल खोजती रही टीम

कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि प्रशासनिक टीम को अतिक्रमण वाली जमीन की सटीक जानकारी नहीं मिल सकी. टीम कैथीनिया रेलवे गुमटी से लेकर बलभद्रपुर इलाके तक करीब दो घंटे तक जगह तलाशती रही. बाद में पता चला कि विवादित जमीन गांव के अंदर स्थित है.

ग्रामीणों ने मापी पर उठाए सवाल

गांव के लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि बिना सही नापी के अतिक्रमण हटाने की कोशिश की जा रही है. ग्रामीणों का आरोप था कि पहले जमीन की सीमांकन प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए, उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाए. विरोध बढ़ता देख प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई टाल दी.

एक सप्ताह के भीतर होगी दोबारा मापी

आरएस थाना अध्यक्ष माया कुमारी और दंडाधिकारी ऋषि कुमार राकेश ने बताया कि अब एक सप्ताह के भीतर जमीन की विधिवत मापी कराई जाएगी. सीमांकन के बाद अतिक्रमित हिस्से को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल टीम को वापस लौटना पड़ा.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन