Madhubani News: दुनिया त्रस्त, पीएम मोदी की नीति से भारत मस्त,  ईंधन संकट पर झंझारपुर में बोले कैबिनेट मंत्री

Updated:
विज्ञापन
Madhubani News-jhanjharpur-minister-nitish-mishra-listens-pm-modi-mann-ki-baat-booth-176

मन की बात सुनते नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा व अन्य कार्यकर्ता

Madhubani News: झंझारपुर के परसा डोमटोल बूथ संख्या 176 पर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने सुना पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात का 134वां संस्करण. सूखेत मॉडल गोबर प्लांट का किया जिक्र. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Madhubani News: मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड अंतर्गत परसा डोमटोल स्थित पंचायत भवन के बूथ संख्या 176 पर रविवार को एक विशेष और हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के माननीय मंत्री सह झंझारपुर के लोकप्रिय क्षेत्रीय विधायक नीतीश मिश्रा ने स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को लाइव सुना. मंत्री ने लगभग आधे घंटे तक प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संबोधन को अत्यंत गंभीरतापूर्वक सुना और उनके विचारों को आत्मसात किया.

बूथ स्तर पर संगठन को महा-शक्तिशाली बनाने का सबसे बड़ा जरिया है यह कार्यक्रम

प्रधानमंत्री के संबोधन की समाप्ति के बाद उपस्थित जनसमूह और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने सांगठनिक मजबूती का मंत्र दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश के प्रत्येक बूथ पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक आयोजन रणनीतिक रूप से किया जाता है. इसका मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की मजबूत संरचना को साकार करना और संगठन को बिल्कुल जमीनी स्तर (ग्रासरूट लेवल) पर चट्टानी एकता प्रदान करना है. श्री मिश्रा ने दो टूक शब्दों में कहा कि “यदि हमारा बूथ मजबूत होगा, तो हमारी पार्टी स्वतः ही महा-शक्तिशाली बनकर उभरेगी.”

पीएम मोदी हमेशा देते हैं नवाचार को बढ़ावा

मंत्री नीतीश मिश्रा ने गौरवशाली क्षणों को याद करते हुए चंपारण और मिथिलांचल के संदर्भ में कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झंझारपुर की धरती और यहाँ के किसानों के अभिनव प्रयासों से भली-भांति परिचित हैं. उन्होंने याद दिलाया कि पीएम मोदी ने पहले भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में झंझारपुर प्रखंड के सूखेत पंचायत स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) में स्थापित देश के अनूठे ‘सूखेत मॉडल’ गोबर प्लांट की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की थी. मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले बेहतर कार्यों को वैश्विक मंच प्रदान करते हैं और देश के किसानों व युवाओं के भीतर छिपे नवाचार (Innocavtion) को निरंतर प्रोत्साहित करते हैं.

वैश्विक तेल-गैस संकट के बीच भारत सुरक्षित

अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीति और आर्थिक मोर्चे पर भारत की मजबूत स्थिति को रेखांकित करते हुए कैबिनेट मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सच्ची, पारदर्शी और ईमानदार दूरगामी नीतियों के कारण ही आज भारत ने विश्व पटल पर अपनी एक महाशक्ति के रूप में पहचान बनाई है.

आज दुनिया के कई विकसित देश भीषण तेल-गैस संकट और अभूतपूर्व महंगाई से बुरी तरह जूझ रहे हैं, लेकिन पीएम मोदी की बेहतरीन कूटनीतिक और आर्थिक रणनीति का ही परिणाम है कि भारत में न तो घरेलू गैस सिलेंडर (LPG) की आपूर्ति रुकी है और न ही पेट्रोल-डीजल की किल्लत हुई है. जहां कई देशों में ईंधन की कीमतों में आग लगी है, वहीं भारत में प्रधानमंत्री की मजबूत इच्छाशक्ति के कारण कीमतें पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण में हैं.

भारी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि रहे मौजूद

परसा धाम बूथ संख्या 176 पर आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्थानीय पंचायत के मुखिया शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, भाजपा झंझारपुर पूर्वी मंडल के अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह, अल्पसंख्यक नेता मो. सादुल्लाह, वरिष्ठ कार्यकर्ता विभूति प्रसाद सिंह, संजय मंडल, राकेश मंडल, परमानंद सिंह, कन्हैया झा, सत्यनारायण मंडल सहित भारी संख्या में स्थानीय वार्ड सदस्य, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने मंत्री नीतीश मिश्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया.

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन