मधुबनी: दादा-पोता दोनों तस्कर, 24 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार
Published by : Aniket Kumar Updated At : 28 May 2026 1:20 PM
प्रतीकात्मक फोटो
Madhubani News: झंझारपुर उत्पाद थाना पुलिस ने वार्ड-5 में छापेमारी कर 24 किलो गांजा बरामद किया. कार्रवाई में रिश्ते में दादा-पोता बताए जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब गांजा सप्लाई नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है. पढे़ं पूरी खबर…
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिले के झंझारपुर में उत्पाद थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. खास बात यह है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी रिश्ते में दादा और पोता बताए जा रहे हैं. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
गांजा की खरीद बिक्री का अवैध कारोबार
उत्पाद थानाध्यक्ष नीलकमल मिश्रा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-5 में गांजा की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चल रहा है. सूचना मिलते ही मोबाइल टीम के इंस्पेक्टर मोहम्मद ताहिर हसन के नेतृत्व में छापेमारी की गई. पुलिस टीम ने वार्ड-5 स्थित श्याम भगत और आशीष कुमार के घर पर एक साथ दबिश दी.
दो घरों से मिला भारी मात्रा में गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को एक घर से करीब 18 किलो और दूसरे घर से लगभग 6 किलो गांजा बरामद हुआ. इस तरह कुल 24 किलो गांजा जब्त किया गया. पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
दादा-पोता चला रहे थे कारोबार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वार्ड-5 निवासी लखन भगत के पुत्र श्याम भगत और ललन भगत के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों रिश्ते में दादा-पोता हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जा रही थी.
लगातार जारी है अभियान
उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. जहां भी सूचना मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










