मधुबनी:  एनएच-27 पर ट्रक चालक से रंगदारी मांगने का आरोप, पूर्व थानाध्यक्ष पर केस दर्ज

Updated:
विज्ञापन
Madhubani News Jhajharpur nh27 extortion case former sho driver accused

प्रतीकात्मक तस्वीर

Madhubani News: अररिया संग्राम थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर ट्रक चालक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पूर्व थानाध्यक्ष और पुलिस चालक बनकर पिस्टल दिखाकर पैसे मांगे गए. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Madhubani News:  झंझारपुर अनुमंडल स्थित अररिया संग्राम थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर ट्रक चालक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि खुद को पूर्व थानाध्यक्ष और पुलिस चालक बताने वाले दो लोगों ने पिस्टल दिखाकर चालक को धमकाया और पैसे मांगे. पीड़ित चालक की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

रात तीन बजे ट्रक रुकवाकर मांगे पैसे

पीड़ित चालक सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के विरली गांव निवासी देवनंदन कामत हैं. वह डीसीएम ट्रक से सीतामढ़ी के छोटा बाजार से मवेशी लेकर फारबिसगंज जा रहे थे. चालक ने बताया कि 20 मई 2026 की रात करीब तीन बजे अररिया संग्राम थाना क्षेत्र में मिथिला हाट के पास एनएच-27 पर एक व्यक्ति ने ट्रक रोकने का इशारा किया.

कार में बैठाकर दिखाई पिस्टल

देवनंदन के मुताबिक, ट्रक रोकने के बाद उस व्यक्ति ने कहा कि पीछे कार में “साहब” बैठे हैं और उनसे मिलना होगा. चालक और उनका साथी जब कार के पास पहुंचे तो उसमें बैठे दो लोगों ने खुद को पूर्व थानाध्यक्ष और पुलिस चालक बताया. आरोप है कि चालक को कार में बैठाकर पिस्टल दिखाई गई और धमकी दी गई कि जितना पैसा है दे दो और आगे भी इस सड़क पर चलना है तो पैसा देना होगा.

गश्ती पुलिस को देखकर भागे आरोपी

पीड़ित ने बताया कि आरोपित उन्हें संग्राम बाजार की ओर ले जा रहे थे. तभी सामने से पुलिस गश्ती वाहन आता दिखाई दिया. गश्ती दल को देखते ही तीनों आरोपी चालक को उतारकर मौके से फरार हो गए. इसके बाद चालक ने गश्ती पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.

फोटो देखकर चालक ने की पहचान

गश्ती पदाधिकारी ने चालक को मोबाइल में कुछ तस्वीरें दिखाईं। चालक ने जिन लोगों की पहचान की, उनमें अररिया संग्राम के पूर्व थानाध्यक्ष आयुष कुमार झा और थाना चालक तपेश्वर कुमार शामिल बताए गए. चालक ने कहा कि वह दोनों को पहले से नहीं जानता था.

दोनों पर पहले ही हो चुकी है कार्रवाई

थानाध्यक्ष अर्पण कुमार ने बताया कि चालक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है. पुलिस के मुताबिक पूर्व थानाध्यक्ष आयुष कुमार झा को पहले ही पुलिस लाइन भेजा जा चुका है, जबकि थाना चालक तपेश्वर कुमार को निलंबित किया गया है. अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन