भारत-नेपाल बॉर्डर पर प्रशासन अलर्ट, मधुबनी में 53 प्रतिष्ठान रडार पर

वाणिज्य कर विभाग कार्यालय मधुबनी
Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मधुबनी के 53 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच शुरू हुई है. गृह मंत्रालय के निर्देश पर वाणिज्य कर विभाग जीएसटी, कारोबार और दस्तावेजों की पड़ताल कर रहा है. कई प्रतिष्ठानों में रिकॉर्ड और जमीनी हकीकत में अंतर मिला है. पढे़ं पूरी खबर…
मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट
Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में कारोबार करने वाले व्यापारियों की गतिविधियों पर अब केंद्र सरकार की नजर है. केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर मधुबनी जिले में सीमावर्ती क्षेत्रों के 53 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी गई है. इस कार्रवाई को लेकर वाणिज्य कर विभाग लगातार दस्तावेजों और प्रतिष्ठानों की पड़ताल में जुटा हुआ है.
वाणिज्य कर पदाधिकारी शशिभूषण कुमार ने बताया कि गृह मंत्रालय और भारत सरकार के निर्देश के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से विभाग को जांच का आदेश मिला है. जांच का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में संचालित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की वास्तविक स्थिति, कारोबार और जीएसटी से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन करना है.
इन इलाकों में हो रही जांच
विभाग की ओर से जयनगर अनुमंडल, लदनियां और मधवापुर क्षेत्र के कुल 53 प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है. अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर यह देख रही है कि संबंधित प्रतिष्ठान वास्तव में संचालित हैं या नहीं और वहां किस तरह का कारोबार किया जा रहा है.
कई प्रतिष्ठानों में मिली गड़बड़ी
वाणिज्य कर पदाधिकारी ने बताया कि अब तक 36 प्रतिष्ठानों की जांच पूरी हो चुकी है. जांच के दौरान कई जगहों पर दस्तावेज और जमीनी स्थिति में अंतर पाया गया है. जयनगर में एक प्रतिष्ठान का नाम बुलेट एजेंसी के रूप में दर्ज मिला, लेकिन मौके पर ऐसी कोई एजेंसी संचालित नहीं पाई गई. ऐसे मामलों की अलग से रिपोर्ट तैयार की जा रही है.
एक सप्ताह में पूरी होगी कार्रवाई
विभाग का कहना है कि बाकी प्रतिष्ठानों की जांच भी तेजी से चल रही है और अगले एक सप्ताह के भीतर पूरी प्रक्रिया समाप्त कर ली जाएगी. जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे जिला पदाधिकारी को सौंपा जाएगा. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










