मधुबनी: भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटा अवैध कब्जा, विरोध और हंगामे के बीच टूटा घर-दालान

Updated:
विज्ञापन
Madhubani News Fulparas andhramath mahadeomath land dispute court order eviction protest hungama

कोर्ट के आदेश पर कब्जा दिलाने गयी पुलिस के साथ तकरार करते लोग

Madhubani News: अंधरामठ थाना अंतर्गत महादेवमठ चौक पर कोर्ट के आदेश पर दखल कब्जा कराने गई प्रशासनिक टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों के हंगामे के बाद मंदिर छोड़कर घर-दालान तोड़ा गया. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मधुबनी के फुलपरास से जगदीश कुमार की रिपोर्ट

Madhubani News: अंधरामठ थाना क्षेत्र के महादेवमठ चौक पर रविवार को अदालत के आदेश पर जमीन का दाखिल कब्जा कराने गई प्रशासनिक और पुलिस टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध और हो-हंगामे का सामना करना पड़ा. यह कार्रवाई इजराय वाद संख्या 3/2016 के तहत मौजा महादेवमठ की 5 कट्टा 7 धूर जमीन पर दखल कब्जा दिलाने के लिए की जा रही थी. मामला आवेदनकर्ता मोहम्मद जाकिर हुसैन मंसूरी बनाम स्वर्गीय गंगो पासवान की पत्नी नथरी देवी के बीच चल रहा था.

मंदिर तोड़ने पर भड़के लोग, पुलिस से हुई नोकझोंक

दखल कब्जा दिलाने के लिए मौके पर एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट अमित कुमार, सीओ अमर चौधरी और अंधरामठ थानाध्यक्ष दीपक कुमार भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के साथ पहुंचे थे. जैसे ही प्रशासन की टीम जेसीबी मशीन लेकर विवादित जमीन पर स्थित सलहेस बाबा के टट्टी (फूस) से बने मंदिर को तोड़ने आगे बढ़ी, वहां मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों और महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा. लोग जेसीबी के सामने आ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे. इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.

मंदिर को छोड़ घर और दालान पर चला जेसीबी

काफी देर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लिया. प्रशासन ने तत्काल मंदिर को तोड़ने की कार्रवाई रोक दी. इसके बाद विवादित भूमि पर बने घर और दालान को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया. इस प्रकार पुलिस की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों ने जमीन पर आवेदनकर्ता मोहम्मद जाकिर हुसैन मंसूरी को कब्जा दिलाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन