मधुबनी: उपभोक्ताओं की शिकायत पर बिजली विभाग सख्त, अभियंताओं पर कार्रवाई

मधुबनी बिजली डिवीजन कार्यालय
Madhubani News: मधुबनी में लगातार बिजली ट्रिप और आपूर्ति बाधित रहने पर बिजली विभाग ने चार सहायक अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा है, जबकि चार कनीय अभियंताओं का एक दिन का वेतन काट दिया गया. विभाग ने जल्द समस्या के स्थायी समाधान का भी भरोसा दिया. जानिए खबर विस्तार से…
मधुबनी से केके पुट्टी की रिपोर्ट
Madhubani News: भीषण गर्मी के दौरान लगातार बिजली लाइन ट्रिप होने और आपूर्ति बाधित रहने पर बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग के चार सहायक अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि चार कनीय अभियंताओं का एक दिन का वेतन काट दिया गया है.
पंडौल, रहिका, सरिसब पाही और राजनगर के अभियंताओं पर कार्रवाई
कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने बताया कि दरभंगा सर्किल के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार के निर्देश पर पंडौल, रहिका, सरिसब पाही और राजनगर फीडर में लगातार लाइन ट्रिप की समीक्षा की गई. जांच के बाद संबंधित सहायक अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चार कनीय अभियंताओं का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई. वहीं शहर क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम समस्या होने के कारण संबंधित जेई से केवल स्पष्टीकरण मांगा गया है.
उपभोक्ताओं की शिकायत पर लिया गया निर्णय
बिजली विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों से कई फीडरों में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों की समीक्षा के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई, ताकि बिजली व्यवस्था में सुधार लाया जा सके.
पांच नए फीडर बनने से दूर होगी लाइन ट्रिप की समस्या
कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने बताया कि डिवीजन के कई फीडरों का क्षेत्र काफी बड़ा होने के कारण आंधी-तूफान और अन्य कारणों से बार-बार लाइन ट्रिप की समस्या होती है. इसे देखते हुए पांच नए फीडरों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है. नए फीडर शुरू होने के बाद पुराने फीडरों का लोड कम होगा और लाइन ट्रिप की समस्या में काफी हद तक सुधार आएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










