Madhubani: डीएम का बड़ा एक्शन, 118 पंचायत सचिव एक साथ सस्पेंड, प्रशासन में हड़कंप

मधुबनी डीएम आनंद शर्मा
Madhubani News: डीएम आनंद शर्मा ने विकास कार्यों और जनगणना 2027 की तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले 118 पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया है. सरकारी आदेशों की अनदेखी और लगातार अनुपस्थिति के कारण यह बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई है. पढ़ें पूरी खबर…
मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: बिहार के मधुबनी जिले से प्रशासनिक गलियारे की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और ‘बिहार जनगणना-2027’ की तैयारियों में घोर लापरवाही बरतने वाले 118 पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई लगातार कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहने, सरकारी आदेशों की अवहेलना करने और विकास कार्यों में शिथिलता बरतने के गंभीर आरोपों में की गई है.
नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख
डीएम ने यह कार्रवाई ‘बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005’ के तहत की है. प्रशासन के अनुसार, इन पंचायत सचिवों को कई बार नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद कर्मियों के रवैये में कोई सुधार नहीं देखा गया. जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और मुख्यमंत्री सात निश्चय जैसे महत्वपूर्ण कार्य पंचायत सचिवों की सक्रियता पर निर्भर हैं, जिसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जनगणना 2027 को लेकर अलर्ट
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण कार्य राष्ट्रहित से जुड़ा है. उन्होंने चेतावनी दी है कि जनता की समस्याओं के समाधान में उदासीनता बरतने वाले कर्मियों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. निलंबन की अवधि के दौरान इन सचिवों को केवल जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और इनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. इस बड़ी कार्रवाई से पूरे जिले के प्रशासनिक अमले में हड़कंप व्याप्त है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










