Madhubani Crime News: बकरी के बांस का पत्ता खाने पर 75 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
Madhubani Crime News

मौके पर पहुंची पुलिस

Madhubani Crime News: मधुबनी के झंझारपुर में बकरी के बांस का पत्ता खाने पर पड़ोसियों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग तिरपित मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Madhubani Crime News: मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल अंतर्गत भैरवस्थान थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां महज एक बकरी के बांस का पत्ता खाने के विवाद में पड़ोसियों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. यह पूरी घटना गुरुवार देर शाम की है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ओलीपुर गांव निवासी 75 वर्षीय तिरपित मंडल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उनके पड़ोस में रहने वाले मिथिलेश (उर्फ मिथल मंडल) के घर के समीप बांस का पत्ता रखा हुआ था. तिरपित मंडल की बकरी ने उस ढेर में से थोड़ा सा पत्ता खा लिया. इसी मामूली बात को लेकर मिथिलेश, उसकी पत्नी कौशल्या देवी और पुत्री कंचन कुमारी ने बुजुर्ग तिरपित मंडल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर बुजुर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस हिंसक हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही भैरवस्थान थानाध्यक्ष सतेंद्र तिवारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

मृतक की बहू सुलेखा देवी के लिखित आवेदन के आधार पर पड़ोस में रहने वाले तीनों आरोपियों (मिथिलेश, उसकी पत्नी और बेटी) के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मिथिलेश उर्फ मिथल मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. झंझारपुर के एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है और विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस खौफनाक वारदात के बाद मृतक की पत्नी रेशमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. बुजुर्ग के दो बेटे हैं, जो रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं. पिता की हत्या की मनहूस खबर मिलते ही दोनों बेटे गांव के लिए रवाना हो गए हैं. फिलहाल घर पर मृतक की पत्नी, बहू और पोता ही मौजूद हैं. पूरे गांव में इस घटना को लेकर मातम का माहौल है.

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

विज्ञापन
Aaruni Thakur

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन