श्रम मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बैठक करते श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद | Prabhat Khabar Network
श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने मधुबनी में समीक्षा बैठक कर उपकर संग्रहण और श्रमिक कल्याण योजनाओं में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Madhubani News: जिला अतिथि गृह में गुरुवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले में श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए.
श्रमिक निबंधन और उपकर संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने विभागीय उपलब्धियों की जानकारी ली और कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत उपकर संग्रहण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने श्रमिकों के निबंधन कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके.
आईटीआई में नामांकन के लिए चलाएं जागरूकता अभियान
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में नामांकन बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि इससे अधिक से अधिक युवा कौशल विकास से जुड़ेंगे और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे.
सप्ताह में दो प्रखंडों का दौरा करें श्रम अधीक्षक
अरुण शंकर प्रसाद ने श्रम अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो प्रखंडों का दौरा कर योजनाओं के क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों का भौतिक सत्यापन करें. उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है.
अधिकारियों ने रखीं विभागीय समस्याएं
बैठक के दौरान विभागीय कर्मियों और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने कार्यक्षेत्र में आ रही व्यावहारिक एवं विभागीय समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया. मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र और उचित समाधान का आश्वासन दिया.
बैठक में श्रम अधीक्षक रतीश कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी निशांत रंजन, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अभय कुमार, अमित कुमार, सरफराज अहमद खान, विष्णुधर शर्मा, रौशन कुमार, आकांक्षा कुमारी, हितेश कुमार भार्गव, अश्विनी राज, अभिषेक कुमार, प्रधान लिपिक जितेंद्र प्रसाद सम्राट, आदित्य कुमार मिश्र, मनोज कुमार गुप्ता, विभा कुमारी, दिलीप कुमार यादव, किशोरी कुमार यादव, सोहन कुमार, संतोष कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










