Benipatti News: रुपेश हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

घटना के संबंध में जानकारी देते एसडीपीओ व अन्य
बेनीपट्टी पुलिस ने रुपेश हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
Benipatti News: हरलाखी थाना क्षेत्र के सोहपुर गांव में हुई रुपेश पासवान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है. साथ ही एक विधि विरुद्ध को भी निरुद्ध किया गया है.
बेनीपट्टी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरलाखी थाना क्षेत्र के सोनपुर कुंडल मुसहरी निवासी राम बहादुर सदा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार विवाद के बाद किया गया था चाकू से हमला
एसडीपीओ ने बताया कि 26 जुलाई की रात बासोपट्टी थाना क्षेत्र के महथौर गांव निवासी रुपेश पासवान अपने साथी संजीत यादव के साथ टेंट एवं डेकोरेशन का काम समाप्त करने के बाद खाने-पीने के लिए गए थे. पुलिस के अनुसार, उसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों से विवाद हुआ, जिसके बाद राम बहादुर सदा ने कथित तौर पर चाकू से रुपेश के सीने पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल रुपेश की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई.
वैज्ञानिक जांच में सामने आई घटना की कड़ी
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने प्रारंभिक शिकायत में रुपेश की पत्नी कविता देवी पर संदेह जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी. जांच के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मृतक के साथ काम करने वाले लोगों से पूछताछ की.
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में संजीत यादव ने घटना के संबंध में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ी और हत्या के कथित कारण का पता चला.
इंडो-नेपाल सीमा के पास से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपी को हरलाखी क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के निकट से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है.
एसडीपीओ के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया और अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा.
पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई
एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया. टीम में हरलाखी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, पीएसआई संतोष कुमार, होमगार्ड के जवान आशुतोष कुमार तथा चौकीदार आलोक पासवान और श्याम पासवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: शादी समारोह से लौट रहा था युवक, सुनसान सड़क पर चाकू से गोदकर हत्या
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










