मधुबनी: शादी समारोह से लौट रहा था युवक, सुनसान सड़क पर चाकू से गोदकर हत्या

Updated:
विज्ञापन
रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

रोते बिलखते परिजन

मधुबनी के हरलाखी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शादी समारोह में काम करके लौट रहे एक युवक की अपराधियों ने सुनसान सड़क पर चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी. घटना से परिजनों में मातम पसर गया है.

विज्ञापन

Madhubani News: हरलाखी थाना क्षेत्र में बासोपट्टी थाना के चौकीदार परीक्षण पासवान के भतीजे रूपेश पासवान की अपराधियों ने चाकू गोदकर हत्या कर दी. वारदात पिछले रविवार की देर रात सोहपुर कलना मुख्य सड़क के पास सुनसान जगह पर हुई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है.

शादी समारोह में काम करने गया था रूपेश

जानकारी के अनुसार बासोपट्टी थाना क्षेत्र के महथौर गांव निवासी रूपेश पासवान सोहपुर गांव में शादी समारोह के अवसर पर काम करने गया था. रात में वापस लौटने के दौरान सोहपुर कलना मुख्य सड़क के पास सुनसान जगह पर अपराधियों ने उसके दाहिने सीने में तेजधार चाकू से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गयी.

दोस्त शव लेकर पहुंचा घर

घटना के बाद रूपेश के साथ गया उसका एक दोस्त शव को लेकर महथौर गांव स्थित उसके घर पहुंचा. इसके बाद गांव में घटना की जानकारी फैल गयी. परिजनों ने तत्काल बासोपट्टी और हरलाखी थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात महथौर गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

डीएसपी और एफएसएल टीम ने की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेनीपट्टी डीएसपी अमित कुमार, हरलाखी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. टीम ने सोहपुर गांव के निकट वारदात वाली जगह के साथ मृतक के घर पर भी पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया.

हत्या की वजह और अपराधियों का पता नहीं

पुलिस की जांच के बावजूद अभी तक हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है. घटना हरलाखी थाना क्षेत्र में हुई है.

दो बच्चियों का पिता था रूपेश

परिजनों के अनुसार रूपेश दो भाइयों में था. उसके पिता मदन पासवान और मां उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. करीब पांच वर्ष पहले रूपेश की शादी लौठवा गांव में हुई थी. उसके दो बच्चियां हैं. घटना से करीब तीन दिन पहले उसकी पत्नी मायके गयी थी.

परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस से हत्या का जल्द खुलासा करने और वारदात में शामिल दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: बाबूबरही में डेढ़ लाख की ठगी, 3 लाख रुपये का लालच देकर कागज की गड्डी थमायी


विज्ञापन
Awadesh Kumar Das

लेखक के बारे में

By Awadesh Kumar Das

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन