राजनगर में भीषण अग्निकांड, जनरल स्टोर व पान की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान खाक, 1 घायल
जेनरल स्टोर्स की दुकान में लगी आग
राजनगर में 'सुमन जनरल स्टोर एवं पान दुकान' में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. आग बुझाने के प्रयास में एक युवक झुलस गया. स्थानीय लोग पीड़ित दुकानदार के लिए सरकारी सहायता की मांग कर रहे हैं.
Madhubani News: मधुबनी-बाबूबरही मुख्य सड़क मार्ग स्थित राजनगर गंज कोठी हाट से पूरब 'सुमन जनरल स्टोर एवं पान दुकान' में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का किराना, जनरल स्टोर और पान सामग्री का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया. वहीं आग बुझाने के प्रयास में पास के रेस्टोरेंट संचालक का भाई झुलसकर जख्मी हो गया.
Rajnagar News: रात में दुकान बंद कर घर गए थे प्रोपराइटर
मिली जानकारी के अनुसार, दुकान के प्रोपराइटर सुमन कुमार मिश्रा प्रतिदिन की तरह रात में दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे.
देर रात राजनगर थाने की पुलिस गश्ती टीम जब इलाके से गुजर रही थी, तभी पुलिसकर्मियों की नजर बंद दुकान से निकल रहे घने धुएं और आग की लपटों पर पड़ी. गश्ती दल ने बिना देरी किए तुरंत आसपास के स्थानीय ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी.
दमकल और ग्रामीणों ने पाया काबू, बुझाने में एक युवक घायल
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने की मशक्कत शुरू की.
आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि जब तक आग को पूरी तरह बुझाया जाता, दुकान में रखा अधिकांश कीमती सामान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो चुका था. आग बुझाने के दौरान बबलू रेस्टोरेंट के प्रोपराइटर के छोटे भाई ऋषि रौशन श्रीवास्तव उर्फ छोटू आंशिक रूप से झुलसकर जख्मी हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया.
प्रशासन से उचित मुआवजे और सहायता की मांग
अग्निकांड में अपनी पूरी जमा-पूंजी और दुकान का सामान गंवा चुके पीड़ित दुकानदार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों में गहरी सहानुभूति है.
ग्रामीणों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन व प्रखंड प्रशासन से पीड़ित दुकानदार सुमन कुमार मिश्रा को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना व्यवसाय खड़ा कर परिवार का भरण-पोषण कर सकें.
यह भी पढ़ें: बारिश का पानी अब नहीं जाएगा बेकार, मुजफ्फरपुर में बनेंगे चेक डैम, खेतों को मिलेगा पानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









