सावन में फलों की बढ़ी डिमांड, सेब से लेकर नारियल तक महंगे, जानें ताजा रेट

गिलेशन बाजार में सजी फल की दुकान | Prabhat Khabar Network
सावन माह की शुरुआत के साथ ही मधुबनी के फल बाजारों में रौनक लौट आई है. व्रत और शाकाहारी भोजन के कारण फलों की मांग में तेजी आई है, जिससे कीमतों में भी उछाल देखा जा रहा है. कारोबारी इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं.
Sawan 2026: सावन शुरू होते ही मधुबनी के फल बाजार में रौनक बढ़ गई है. व्रत और शाकाहारी भोजन के कारण फलों की मांग में अचानक इजाफा हुआ है, जिसका असर कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है. शहर के प्रमुख बाजारों में सेब, अनार, केला, नारियल और अन्य फलों की बिक्री तेज हो गई है. कारोबारियों को इस बार सावन में बेहतर कारोबार की उम्मीद है.
बाजार में बढ़ी ग्राहकों की भीड़
सावन लगते ही गिलेशन बाजार, शंकर चौक, बाटा चौक, थाना चौक और कोतवाली चौक समेत शहर के प्रमुख बाजारों में फलों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है. मोहल्लों में भी ठेले पर मौसमी फलों की बिक्री हो रही है, लेकिन अच्छी गुणवत्ता के फल खरीदने के लिए लोग बाजार का रुख कर रहे हैं.
कारोबारियों ने बढ़ाया स्टॉक
फल कारोबारियों ने सावन में बढ़ती मांग को देखते हुए पहले से ही पर्याप्त स्टॉक मंगा लिया है. गिलेशन बाजार स्थित उमेश फल भंडार के संचालक ने बताया कि सावन महीने में बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं और शाकाहारी भोजन करते हैं. ऐसे में पूरे महीने फलों की मांग बनी रहती है. इसी को देखते हुए सेब, केला, अनार, आम, नाशपाती सहित अन्य फलों का पर्याप्त भंडारण किया गया है.
क्यों बढ़ती है फलों की मांग?
सावन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मांसाहार छोड़कर फलाहार और शाकाहारी भोजन अपनाते हैं. इसी वजह से फलों की खपत बढ़ जाती है. कारोबारियों का कहना है कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में बिक्री बेहतर रहने की उम्मीद है.
जानिए फलों के ताजा दाम
बाजार में आम 100 से 120 रुपये प्रति किलो, अनार 200 रुपये प्रति किलो, सेब 140 से 200 रुपये प्रति किलो, पपीता 50 रुपये प्रति किलो, अमरूद 80 रुपये प्रति किलो और नाशपाती 100 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रही है.
वहीं केला 50 रुपये प्रति दर्जन, नारियल 40 रुपये प्रति पीस, ड्रैगन फ्रूट 100 रुपये प्रति पीस, डाभ (नारियल पानी) 70 से 80 रुपये प्रति पीस, कीवी 120 रुपये प्रति डिब्बा और खीरा 30 से 40 रुपये प्रति पीस की दर से बिक रहा है.
यह भी पढे़ं: टीआरई-4 में मैथिली को शामिल नहीं करने पर एमएसयू का विरोध, आंदोलन की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










