कुमारखंड में ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करते दो युवक गिरफ्तार, 96 हजार की क्षति
फोटो- ट्रांसफार्मर तेल चोरी करके दो युवक गिरफ्तार | Prabhat Khabar Network
कुमारखंड, मधेपुरा में ग्रामीणों ने बिजली ट्रांसफॉर्मर से तेल चुराते दो युवकों को पकड़ लिया. पकड़े गए युवकों से करीब 2 लीटर ट्रांसफॉर्मर तेल और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं, जिससे कंपनी को 96 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.
Madhepura Transformer Oil Theft: कुमारखंड (मधेपुरा). थाना क्षेत्र के रामगंज कोरलाही वार्ड संख्या-2 और 3 के बीच रविवार रात ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करते दो युवकों को स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया. घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम और कुमारखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके पास से बरामद करीब दो लीटर ट्रांसफॉर्मर तेल और दो मोटरसाइकिल जब्त कर ली.
ट्रांसफॉर्मर से तेल निकालते पकड़े गए युवक
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:05 बजे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कनीय विद्युत अभियंता शम्भू कुमार को सूचना दी कि रामगंज कोरलाही में लगे ट्रांसफॉर्मर से दो युवक तेल निकाल रहे हैं. सूचना मिलते ही कनीय विद्युत अभियंता शम्भू कुमार मानवबल निर्मल कुमार सिंह, कपिलदेव पासवान, कनीय सारणी पुरुष सन्नी कुमार और तकनीशियन अनिश कुमार के साथ करीब 10:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे.
दो लीटर तेल और दो बाइक बरामद
मौके पर ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ रखा था. उनके पास हरे रंग के प्लास्टिक गैलन में करीब दो लीटर ट्रांसफॉर्मर तेल बरामद हुआ. घटनास्थल से दो मोटरसाइकिल भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया.पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम तरुण कुमार (30), पिता देबू शर्मा, निवासी रामगंज कोरलाही वार्ड संख्या-2 तथा रवेन कुमार शर्मा (19), पिता उमेश शर्मा, निवासी रामगंज कोरलाही वार्ड संख्या-1 बताया.
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद कुमारखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बरामद ट्रांसफॉर्मर तेल और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
कंपनी को 96 हजार रुपये से अधिक की क्षति
विद्युत विभाग के अनुसार ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी होने के कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को करीब 96,242 रुपये की क्षति हुई है. विभाग का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर के तेल की चोरी से विद्युत उपकरणों की कार्यक्षमता और सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है.
पूर्व की घटनाओं में संलिप्तता की भी आशंका
कनीय विद्युत अभियंता शम्भू कुमार ने कुमारखंड थाना में आवेदन देकर दोनों युवकों के खिलाफ विद्युत अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में क्षेत्र में पूर्व में भी ट्रांसफॉर्मर तेल चोरी की घटनाएं होने का उल्लेख किया गया है. विभाग ने इन घटनाओं में भी दोनों युवकों की संभावित संलिप्तता की जांच की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पवन कुमार
पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










