मधेपुरा के सिंहेश्वर में 30 जुलाई से शुरू होगा राजकीय श्रावणी मेला, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं पर प्रशासन का फोकस

Updated:
विज्ञापन
बैठक में उपस्थित अधिकारी.

बैठक में उपस्थित अधिकारी.

बाबा नगरी सिंहेश्वर 30 जुलाई से राजकीय श्रावणी मेले की मेजबानी के लिए तैयार है। जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है।

विज्ञापन

सिंहेश्वर (मधेपुरा). बाबा नगरी सिंहेश्वर में 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेले की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. मेले को लेकर बुधवार को सिंहेश्वर मंदिर परिसर में जिला प्रशासन और सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति की संयुक्त बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता डीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष अभिषेक रंजन ने की. बैठक के बाद डीएम ने एसपी संदीप सिंह के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये.

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. डीएम ने नगर पंचायत को मंदिर परिसर एवं शिवगंगा तालाब की नियमित सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मियों की पालीवार प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया. भवन प्रमंडल को बैरिकेडिंग लगाने, पीएचईडी को अस्थायी शौचालय और चापाकलों की व्यवस्था करने तथा विद्युत विभाग को मंदिर परिसर की सभी वायरिंग समय रहते दुरुस्त करने का आदेश दिया गया.

अस्थायी पार्किंग की होगी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर से फुटपाथ की दुकानों को हटाने का निर्णय लिया गया है. परिसर में केवल फूल की दुकानों को लगाने की अनुमति होगी. वहीं श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे. मंदिर परिसर और शिवगंगा तालाब के आसपास नई एवं मरम्मत की गयी बैरिकेडिंग लगायी जायेगी. इसके अलावा अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, पुलिस कैंप और सूचना केंद्र भी स्थापित किये जायेंगे. स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेले में स्वास्थ्य शिविर लगाया जायेगा, जबकि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए वाटरप्रूफ पंडाल बनाये जायेंगे. प्रतिमा सिंह धर्मशाला सहित अन्य स्थानों पर भी विश्राम की व्यवस्था रहेगी.

कई स्थानों पर बनेंगे ड्रॉप गेट

भीड़ नियंत्रण के लिए दुर्गा चौक, गम्हरिया रोड, पिपरा रोड, सुखासन रोड, शांतिवन गली, बैरियर, रमानी टोला मार्ग, महावीर चौक और रामपट्टी रोड समेत कई स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाये जायेंगे. मंदिर परिसर में दिशा-निर्देश संबंधी साइन बोर्ड भी लगाये जायेंगे.

बैठक के दौरान एनएच-106 पर जलजमाव और पीएचईडी की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का मुद्दा भी उठा. अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है. इस पर डीएम ने नगर पंचायत को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया.

उद्घाटन समारोह और प्रवचन की भी तैयारी

बैठक में श्रावणी मेले के उद्घाटन समारोह, अतिथियों को आमंत्रण भेजने तथा प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता अरुण जी महाराज के प्रवचन कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.

बैठक एवं निरीक्षण के दौरान डीडीसी अनिल बसाक, एसडीएम संतोष कुमार, एएसपी प्रवेन्द्र भारती, एनडीसी संतोष कुमार, ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा, सीओ नवीन कुमार सिंह, बीडीओ ज्योति गामी, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह, स्मिता सिंह, योग नारायण राय, हरेंद्र मंडल, रोशन कुमार ठाकुर, प्रबंधक भवेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मंदिर न्यास समिति के सदस्य मौजूद थे.

ALSO READ : ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए जमीन खरीदेगी सरकार, पटना AIIMS का होगा विस्तार, सम्राट कैबिनेट में 22 एजेंडों पर लगी मुहर


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन