दो पंचायतों के 350 परिवार सड़क के अभाव में बेहाल

मधेपुरा के कुमारखंड में सड़क न होने से 350 परिवार परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द निर्माण की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रतिनिधि, कुमारखंड,मधेपुरा. विकास के दावों के बीच प्रखंड क्षेत्र की छर्रा पट्टी टोला की एक महत्वपूर्ण संपर्क सड़क आज भी उपेक्षा का शिकार बनी हुई है. लक्ष्मीपुर चंडी स्थान वार्ड संख्या दस से रानी पट्टी सुखासन वार्ड संख्या सात को जोड़ने वाली इस सड़क के अभाव में करीब 350 परिवारों का जीवन प्रभावित है. ग्राम पंचायत के गठन के कई वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक इस सड़क का पूर्ण निर्माण नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी है. ग्रामीन गजेंद्र यादव, शंकर शर्मा, महंती शर्मा, बद्री शर्मा, अनिल मंडल, ज्योतिष मंडल, राजकिशोर यादव, श्याम सुंदर यादव, चंदेश्वरी यादव, सुनील यादव, जेन्यू मंडल, शंकर मंडल, अनुरोध विश्वास, दयानंद मंडल, चंद किशोर मंडल, लालू मंडल सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क नहीं रहने से हर मौसम में आवागमन मुश्किल हो जाता है. बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ जाए तो वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाता. ऐसे में मरीज को खाट या किसी अन्य साधन से सुखासन हटिया चौक तक लाना पड़ता है, जहां से आगे वाहन की व्यवस्था होती है. शादी-विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर भी बारात को रानी पट्टी सुखासन हटिया चौक से पैदल गांव तक लाना पड़ता है, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि बीते वर्ष जिला परिषद क्षेत्र संख्या-10 की योजना से लगभग 100 मीटर सड़क की ढलाई कराई गई थी, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य बंद हो गया. आज भी अधिकांश सड़क कच्ची और जर्जर बनी हुई है. रानीपट्टी सुखासन हटिया चौक से रोड संख्या-18 को जोड़ने वाली यह सड़क दो पंचायतों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है. इसके बावजूद वर्षों से इस सड़क के निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क का निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पवन कुमार
पवन कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुमारखंड (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










