सोनामुखी चौक पर तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौत, तीन घंटे सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

फोटो- सड़क पर हंगामा करते आक्रोशित भीड़ | Prabhat Khabar Network

आलमनगर में एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक अनिल मंडल की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने तीन घंटे तक सड़क जाम कर यातायात बाधित किया.

विज्ञापन

आलमनगर (मधेपुरा). नगर पंचायत क्षेत्र के सोनामुखी चौक पर मंगलवार को तेज रफ्तार स्कूल बस ने मोटरसाइकिल सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया. लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आलमनगर-सोनामुखी सड़क जाम कर दी और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे.

परिजन को लेने आया था युवक

मृतक की पहचान इटहरी पंचायत के वार्ड संख्या-7 भमरपुर वासा निवासी सुनील मंडल के 19 वर्षीय पुत्र अनिल मंडल के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार अनिल अपने एक परिजन को लेने के लिए आलमनगर आया था. इसी दौरान सोनामुखी चौक के पास तेज रफ्तार स्कूल बस का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार युवक उसकी चपेट में आ गया.

हादसे के बाद बस छोड़कर फरार हुआ चालक

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनिल मंडल की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आलमनगर थानाध्यक्ष कुलवंत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.

तीन घंटे तक सड़क जाम, बस में तोड़फोड़

युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रखा. इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने स्कूल बस में तोड़फोड़ की. कुछ लोग स्कूल परिसर पहुंचकर वहां भी तोड़फोड़ का प्रयास करने लगे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया.

अधिकारियों के समझाने पर समाप्त हुआ जाम

मौके पर पहुंचे बीडीओ आलमनगर समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने वरीय पदाधिकारियों से मोबाइल फोन पर लोगों की बातचीत कराई. अधिकारियों ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, बस जब्त

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं दुर्घटनाग्रस्त स्कूल बस को जब्त कर थाना लाया गया है. आलमनगर थानाध्यक्ष कुलवंत कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

परिवार का बड़ा पुत्र था अनिल

अनिल मंडल की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि अनिल अपने परिवार का बड़ा पुत्र था. उसकी मौत से परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है.


विज्ञापन
ब्रजेश कुमार

लेखक के बारे में

By ब्रजेश कुमार

ब्रजेश कुमार प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. आलमनगर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन