गम्हरिया पंचायत समिति की बैठक में अधिकारियों की गैरहाजिरी पर भड़के प्रमुख, पशु चिकित्सा विभाग पर भी उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन

फोटो- बैठक में मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमुख शशि कुमार व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network

गम्हरिया में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति ने हंगामा खड़ा कर दिया. प्रमुख शशि कुमार ने मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पशु चिकित्सा विभाग की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए, जिससे जांच और कार्रवाई की मांग उठी है.

विज्ञापन

Madhepura News: गम्हरिया (मधेपुरा). प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक प्रमुख शशि कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक शुरू होते ही कई विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने का मामला उठा, जिसके बाद माहौल गरमा गया. प्रमुख ने अनुपस्थित पदाधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये.

अधिकारियों की गैरहाजिरी पर प्रमुख ने जताई नाराजगी

प्रमुख शशि कुमार ने कहा कि पंचायत समिति के लगभग सभी सदस्य बैठक में मौजूद हैं, लेकिन जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विभागों के पदाधिकारी अनुपस्थित हैं. ऐसे में विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसमस्याओं के समाधान में कठिनाई होती है.उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि बैठक से अनुपस्थित सभी पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाये और उनकी अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट कराया जाये.

लंबित मामलों के निष्पादन पर भी उठे सवाल

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पूर्व में आयोजित पंचायत समिति की बैठकों में उठाए गए कई मुद्दों के अब तक लंबित रहने पर असंतोष जताया. सदस्यों ने कहा कि बैठक में समस्याएं उठाने के बाद उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी दी जाती है, लेकिन कई मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है.

जनप्रतिनिधियों ने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कराने की मांग की.

पशु चिकित्सा पदाधिकारी की कार्यशैली पर सवाल

बैठक के दौरान सदस्यों ने प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप लगाए. सदस्यों का आरोप था कि पशुपालकों के लिए आने वाली नि:शुल्क दवाएं और पौष्टिक आहार जरूरतमंद पशुपालकों तक नहीं पहुंच रहे हैं.बैठक में हाल ही में बड़ी मात्रा में दवाओं को जलाए जाने का मामला भी उठाया गया. सदस्यों ने इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके.

जांच और कार्रवाई की उठी मांग

जनप्रतिनिधियों ने पशु चिकित्सा विभाग से संबंधित आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. साथ ही सरकारी दवाओं और पशुपालकों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले संसाधनों के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

Madhepura News: बैठक में बीडीओ चंदन कुमार, बीपीआरओ कुमार शुभम, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार, बीईओ रतन कुमार यादव, उप प्रमुख रंजू देवी, मुखिया दीपनारायण यादव, रत्ना भारती, गंगा पासवान, पंसस पांडव कुमार, शिव गोविंद यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
डिक्सन राज

लेखक के बारे में

By डिक्सन राज

डिक्सन राज प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गम्हरिया (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन