ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें

Updated:
विज्ञापन
ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें

प्रतीकात्मक तस्वीर

बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने जिले के सभी दवा व्यवसायियों से एकजुट होकर बंदी को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यवसाय बचाने के लिए नहीं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा और दवा कारोबार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भी जरूरी है.

विज्ञापन

ई-फार्मेसी के विरोध में 20 मई को बंद रहेंगी जिले की दवा दुकानें, आपातकालीन सेवाओं के लिए कुछ मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे

मधेपुरा से सविता नंदन कुमार की रिपोर्ट:

मधेपुरा: ऑनलाइन दवाओं की बढ़ती बिक्री और ई-फार्मेसी के विरोध में मंगलवार 20 मई को मधेपुरा जिले की अधिकांश दवा दुकानें बंद रहेंगी. यह निर्णय मधेपुरा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से स्थानीय जीवन सदन में आयोजित बैठक में लिया गया. बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार सर्राफ ने की.

बैठक में दवा व्यवसायियों ने कहा कि बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से छोटे और मध्यम दवा व्यवसायियों की आजीविका प्रभावित हो रही है. साथ ही आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ता जा रहा है. व्यवसायियों का कहना था कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श और नियमों का पालन किए दवाओं की आपूर्ति कर रहे हैं, जिससे गलत दवा सेवन और नकली दवाओं के कारोबार की आशंका बढ़ गई है.

एसोसिएशन अध्यक्ष मनीष कुमार सर्राफ ने बताया कि यह बंदी ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट तथा बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार ई-फार्मेसी और अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि दवा एक संवेदनशील वस्तु है और इसकी बिक्री निर्धारित नियमों तथा फार्मासिस्ट की निगरानी में ही होनी चाहिए. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से दवाओं की अनियंत्रित बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है.

हालांकि, जनहित और आपातकालीन चिकित्सा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय और विभिन्न प्रखंडों में कुछ चयनित मेडिकल स्टोर खुले रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को दवा उपलब्ध हो सके.

जिला मुख्यालय मधेपुरा में बिहार मेडिकल हॉल, श्री श्याम मेडिकल हॉल और राहुल मेडिकल हॉल खुले रहेंगे. वहीं सिंहेश्वर में अशोक मेडिकल स्टोर, बिहारीगंज में मधु मेडिकल हॉल, उदाकिशुनगंज में पॉपुलर मेडिकल हॉल, पुरैनी में शंकर मेडिकल हॉल, आलमनगर में श्री श्याम मेडिकोज, ग्वालपाड़ा में प्रिया मेडिकल हॉल, गम्हरिया बाजार में सुमन मेडिकल हॉल तथा मुरलीगंज में न्यू किशोर मेडिकल हॉल को खुला रखने की अनुमति दी गई है.

बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने जिले के सभी दवा व्यवसायियों से एकजुट होकर बंदी को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यवसाय बचाने के लिए नहीं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा और दवा कारोबार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भी जरूरी है.

एसोसिएशन ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर स्पष्ट और सख्त नीति बनाने तथा अवैध रूप से संचालित ई-फार्मेसी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन