प्याज-आलू की बढ़ती कीमतों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, सब्जियों से लेकर दाल-तेल तक महंगा, जानिए शहर का ताजा भाव

Author Aman Kumar|Edited by Amit Kr Sinha
Updated:
विज्ञापन

मधेपुरा की सब्जी मंडी की तस्वीर.| Prabhat Khabar Network

शहर के बाजारों में खाने-पीने की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं. प्याज, आलू से लेकर दाल, तेल और आटा तक महंगा हो गया है, जिससे आम परिवारों का रसोई बजट बुरी तरह बिगड़ गया है. जानिए ताज़े भाव और महंगाई के पीछे की वजहें.

विज्ञापन

शहर के बाजार में खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है. पहले हरी सब्जियों की महंगाई और अब प्याज-आलू के बढ़ते दाम ने लोगों के घरेलू बजट को प्रभावित किया है. प्याज इन दिनों 40 से 45 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि एक माह पहले 20 रुपये किलो के आसपास था. वहीं आलू की कीमत भी बढ़कर 28 से 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. दाल, खाद्य तेल और आटा समेत रोजमर्रा के किराना सामानों की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है.

प्याज के दाम बढ़े, लेकिन खपत पर ज्यादा असर नहीं

थोक कारोबारियों के अनुसार शहर के बाजार में प्रतिदिन करीब 200 से 250 क्विंटल प्याज की खपत हो रही है. कीमत बढ़ने के बावजूद मांग में मामूली ही कमी आई है. कारोबारियों का कहना है कि प्याज रोजमर्रा के भोजन का अहम हिस्सा है, इसलिए कीमत बढ़ने के बाद भी लोग इसकी खरीदारी कर रहे हैं. प्याज के कारोबार से प्रतिदिन लाखों रुपये का कारोबार हो रहा है.

आलू-प्याज का रोजाना लाखों का कारोबार

आलू और प्याज शहर के बाजार के प्रमुख कारोबार में शामिल हैं. कारोबारियों के मुताबिक आलू की प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बिक्री होती है, जबकि प्याज की खपत भी करीब 200 से 250 क्विंटल प्रतिदिन है. दोनों उत्पादों को मिलाकर रोजाना करीब 10 से 15 लाख रुपये का कारोबार होने का अनुमान है. कीमत बढ़ने के बावजूद इनकी मांग बनी हुई है.

नासिक और इंदौर से नई आवक शुरू, प्याज में राहत की उम्मीद

प्याज कारोबारी शिवम के अनुसार आने वाले दिनों में प्याज की कीमत में नरमी की संभावना बन सकती है. बाजार में नासिक और इंदौर से नए प्याज की आवक शुरू हो गई है. इससे आपूर्ति बढ़ने पर कीमतों पर दबाव आ सकता है. वहीं आलू की कीमत में अभी कुछ और तेजी आने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि आलू की नई बुवाई का मौसम शुरू होने वाला है.

महंगाई ने थाली से हरी सब्जियां की दूर

सब्जियों की कीमत बढ़ने से आम लोगों की थाली पर भी असर पड़ा है. बाजार में टमाटर 60 से 70 रुपये, भिंडी 30 से 40 रुपये, मिर्च 60 से 80 रुपये और फूलगोभी 100 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रही है. परवल 40 से 50 रुपये, बैंगन 30 से 40 रुपये, लौकी 30 से 40 रुपये और शिमला मिर्च 180 से 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. लोगों का कहना है कि बढ़ती कीमतों के कारण हरी सब्जियां खरीदना मुश्किल हो रहा है.

दाल, तेल और आटे के दाम ने भी बढ़ाई परेशानी

किराना बाजार में भी महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है. अरहर दाल 80 से 100 रुपये, मूंग 120 से 140 रुपये और चना दाल 75 से 90 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. खाद्य तेल 190 से 200 रुपये और रिफाइन 170 से 180 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है. आटा भी 34 से 36 रुपये किलो हो गया है. इससे मध्यम और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए घरेलू बजट संभालना मुश्किल हो रहा है.

फलों के दाम भी बढ़े, आम लोगों की पहुंच से बाहर

सब्जियों के साथ फलों की कीमतों में भी तेजी है. बाजार में संतरा करीब 150 से 180 रुपये और मौसमी 80 से 100 रुपये प्रति किलो बिक रही है. सेब की कीमत करीब 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. कारोबारियों के अनुसार मांग बढ़ने और थोक तथा खुदरा कीमतों में अंतर के कारण ग्राहकों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है.

हर साल प्याज की कीमत बनती है चिंता का कारण

शहर के लोगों का कहना है कि प्याज की कीमतों में तेजी कोई नई बात नहीं है. बाढ़, सूखा, उत्पादन में कमी और जमाखोरी जैसी वजहों से कई बार प्याज के भाव अचानक बढ़ जाते हैं. उपभोक्ताओं के अनुसार सरकारें कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाती हैं, लेकिन मौसमी तेजी के दौरान आम परिवारों पर महंगाई की मार पड़ ही जाती है.

एक नजर किराना सामान के भाव

सामानपहलेअब
चीनी38 रुपये60-62 रुपये
अरहर दाल60 रुपये80-100 रुपये
मूंग80 रुपये120-140 रुपये
चना दाल65 रुपये75-90 रुपये
चना60 रुपये75-80 रुपये
तेल100 रुपये190-200 रुपये
रिफाइन105 रुपये170-180 रुपये
आटा22 रुपये34-36 रुपये

एक नजर सब्जियों के भाव

सब्जीपहलेअब
आलू12 रुपये28-30 रुपये
टमाटर20 रुपये60-70 रुपये
भिंडी20 रुपये30-40 रुपये
मिर्च30 रुपये60-80 रुपये
बैंगन20 रुपये30-40 रुपये
परवल30 रुपये40-50 रुपये
करेला20 रुपये30-40 रुपये
पत्ता गोभी40 रुपये50-60 रुपये
फूलगोभी30 रुपये100-120 रुपये
बरबटी50-60 रुपये60-70 रुपये
प्याज20 रुपये40-45 रुपये
लौकी20 रुपये30-40 रुपये
शिमला मिर्च100 रुपये180-200 रुपये


विज्ञापन
Aman Kumar

लेखक के बारे में

By Aman Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन