स्वतंत्रता दिवस पर बीएनएमयू में मैत्री खेलकूद प्रतियोगिताएं, नॉर्थ कैंपस-ओल्ड कैंपस क्रिकेट मैच में ओल्ड कैंपस विजयी

Updated:
विज्ञापन

फोटो- रस्सी खींचती महिलाएं | Prabhat Khabar Network

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएनएमयू मधेपुरा के विभिन्न परिसरों और महाविद्यालयों में मैत्री खेलकूद प्रतियोगिताओं का शानदार आयोजन किया गया।

विज्ञापन

Madhepura BNMU Sports: मधेपुरा. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के मुख्यालय, उत्तरी परिसर तथा विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों में मैत्री खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. उत्तरी परिसर स्थित जुबली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नॉर्थ कैंपस और ओल्ड कैंपस के बीच क्रिकेट मैच हुआ, जबकि विश्वविद्यालय मुख्यालय में महिला शिक्षिकाओं एवं सहायक प्राध्यापकों के बीच म्यूजिकल चेयर, स्लो रेस और टग ऑफ वॉर आयोजित किए गए. एसएनएसआरकेएस कॉलेज, सहरसा, आरएम कॉलेज, सहरसा तथा एचएस कॉलेज, उदाकिशुनगंज में भी विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं.

स्वतंत्रता दिवस पर खेल आयोजन का लिया गया था निर्णय

क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद की वार्षिक बैठक में कुलपति प्रो. (डॉ.) बी. एस. झा की अध्यक्षता में निर्णय लिया गया था कि प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इसी निर्णय के तहत परिषद की ओर से सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजा गया था. हालांकि इस वर्ष विश्वविद्यालय मुख्यालय, उत्तरी परिसर और कुछ अंगीभूत महाविद्यालयों में ही आयोजन हुआ.

ओल्ड कैंपस ने दो विकेट से जीता क्रिकेट मैच

उत्तरी परिसर स्थित जुबली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नॉर्थ कैंपस बीएनएमयू और ओल्ड कैंपस बीएनएमयू के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया. नॉर्थ कैंपस के कप्तान डॉ. नरेंद्र श्रीवास्तव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में पांच विकेट पर 157 रन बनाए. डॉ. जैनेन्द्र कुमार ने 29 गेंदों में नाबाद 68 रन की पारी खेली, जिसमें नौ छक्के और दो चौके शामिल रहे.लक्ष्य का पीछा करते हुए ओल्ड कैंपस ने 11 ओवर में दो विकेट पर 158 रन बनाकर मैच जीत लिया. राहुल रंजन ने 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और छह छक्के शामिल रहे. उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया. डॉ. जैनेन्द्र कुमार बेस्ट बैट्समैन, डॉ. ऋषभ बेस्ट बॉलर और डॉ. इम्तियाज अंजुम बेस्ट फील्डर रहे.

महिला शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

विश्वविद्यालय मुख्यालय में महिला शिक्षिकाओं एवं सहायक प्राध्यापकों की सक्रिय भागीदारी रही. विभिन्न विभागों की महिला शिक्षिकाओं ने म्यूजिकल चेयर, स्लो रेस और टग ऑफ वॉर में हिस्सा लिया. आयोजन में विश्वविद्यालय की महिला शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता प्रमुख आकर्षण रही.

आरएम कॉलेज में हुईं कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं

आरएम कॉलेज, सहरसा में प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) गुलरेज रौशन रहमान के नेतृत्व में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों के बीच बैलून रेस, गणित रेस, बुक बैलेंसिंग, जलेबी रेस, म्यूजिकल चेयर और रस्सी खींच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं.

एसएनएसआरकेएस कॉलेज में एनसीसी एकादश ने जीता मैच

एसएनएसआरकेएस कॉलेज, सहरसा में प्रधानाचार्य डॉ. अनंत कुमार सिंह के नेतृत्व में एनएसएस एकादश और एनसीसी एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच हुआ. एनएसएस ने 87 रन बनाए, जिसके जवाब में एनसीसी ने एक विकेट पर 88 रन बनाकर मैच जीत लिया. डॉ. गोपाल कुमार ने 56 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया. महिला वर्ग में नींबू-चम्मच दौड़ भी आयोजित हुई.

एचएस कॉलेज में शिक्षक टीम ने छात्रों को हराया

Madhepura BNMU Sports: एचएस कॉलेज, उदाकिशुनगंज में प्रधानाचार्य प्रो. जवाहर पासवान के नेतृत्व में शिक्षक और छात्र टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मैच हुआ. शिक्षक टीम ने 15 ओवर में 182 रन बनाए, जबकि छात्र टीम 112 रन पर ऑलआउट हो गई. शिक्षक टीम ने 60 रन से जीत दर्ज की. विजेता टीम को ट्रॉफी, मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया गया.

प्रतिभागी को पुरस्कृत करते कुलसचिव  | Prabhat Khabar Network
फोटो- प्रतिभागी को पुरस्कृत करते कुलसचिव | Prabhat Khabar Network

विजेताओं को पदाधिकारियों ने किया सम्मानित

प्रतियोगिताओं के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. प्रभारी कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मल्लिक पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे. उनके साथ क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद के निदेशक प्रो. (डॉ.) अबुल फज़ल, अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. (डॉ.) उमाशंकर चौधरी, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह, वित्त पदाधिकारी कृष्ण कुमार और आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. (डॉ.) नरेश कुमार मौजूद रहे. पदाधिकारियों ने विजेता और प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए. कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद के उपनिदेशक डॉ. जैनेन्द्र कुमार ने किया.

खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इन आयोजनों का उद्देश्य शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक, सह-पाठ्यक्रमीय और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है. शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों की सहभागिता से आपसी तालमेल, समन्वय और टीम वर्क को बढ़ावा मिल रहा है. परिषद की ओर से आने वाले समय में अधिक से अधिक महाविद्यालयों को ऐसी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा.



विज्ञापन
कुमार आशीष

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन