जिले के नौ अमर बलिदानियों को किया गया नमन
Updated at : 23 Mar 2026 6:24 PM (IST)
विज्ञापन

जिले के नौ अमर बलिदानियों को किया गया नमन
विज्ञापन
शौर्य चक्र विजेता कैप्टन आशुतोष के माता-पिता सम्मानित
शहीद पार्क में आयोजित समारोह में डॉ मधेपुरी ने दी श्रद्धांजलि,
मधेपुरा. 23 मार्च का दिन इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों से अंकित है, जब ब्रिटिश हुकूमत ने भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव को एक साथ फांसी दी थी. देश इस दिन को ”बलिदान दिवस” के रूप में श्रद्धापूर्वक स्मरण करता है. इसी अवसर पर मधेपुरा के शहीद पार्क में आयोजित एक भव्य समारोह में जिले के वीर सपूतों को याद किया गया, जिसमें विशेष रूप से घैलाढ़ प्रखंड के जागीर-परमानपुर निवासी शौर्य चक्र विजेता बलिदानी कैप्टन आशुतोष के साहसी पिता रविंद्र भारती एवं वीरमाता गीता देवी को सम्मानित किया गया.
समाजसेवी व शिक्षाविद प्रो (डॉ) भूपेंद्र नारायण यादव मधेपुरी ने इस अवसर पर कहा कि शहीदों के रक्त से ही देश की अखंडता का दीप जलता है. बलिदानियों की गाथाएं युवाओं को राष्ट्र सेवा की नयी सुबह की ओर अग्रसर करती हैं.कैप्टन आशुतोष : वीरता व मेधा की प्रतिमूर्ति
डॉ मधेपुरी ने कैप्टन आशुतोष का संक्षिप्त परिचय देते हुए बताया कि सैनिक स्कूल भुवनेश्वर में शिक्षा प्राप्त करने के दौरान वे कई बार मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा पुरस्कृत किए गए थे. यूपीएससी के माध्यम से एनडीए पुणे में चयनित होकर उन्होंने सबसे कठिन ”हंटर स्क्वाड्रन” में अव्वल स्थान प्राप्त किया. वर्ष 2018 में भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून से कमीशन प्राप्त करने के बाद वे मद्रास रेजीमेंट में लेफ्टिनेंट बने. आतंकवादियों से लोहा लेते हुए आठ नवंबर 2020 को भीषण गोलीबारी के बीच घायल होने के बावजूद वे लड़ते रहे और वीरगति को प्राप्त हुए. उनकी इस अद्वितीय वीरता के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा उनके माता-पिता को ”शौर्य चक्र” प्रदान कर सम्मानित किया गया था.जिले के बलिदानियों को दी गयी श्रद्धांजलि
समारोह के दौरान जिले के अन्य अमर शहीदों- शहीद बाजा साह (उदाकिशुनगंज), शहीद चुल्हाय यादव (मनहरा), शहीद सदानंद (धुरगांव), शहीद प्रमोद कुमार (फुलकाहा), शहीद प्रमोद कुमार (चामगढ़), शहीद आशीष कुमार सिंह (सुखासन), शहीद पवन कुमार (घैलाढ़) व शहीद दीपक कुमार (घोषई) को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी.अंगवस्त्रम व पुष्पगुच्छ से हुआ सम्मान
शहीद पार्क के इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रो डॉ अरुण कुमार, संतोष झा, डॉ प्रो भूपेंद्र प्रसाद, डॉ एनके निराला, अधिवक्ता उदय झा, समाजसेवी मधु सिन्हा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया. उपस्थित अतिथियों व बच्चों द्वारा शहीद कैप्टन आशुतोष के माता-पिता को अंगवस्त्रम, पाग, पट्टा व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. पूरा परिसर ”शहीद ए आजम” भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव व जिले के अमर शहीदों के जयकारों से सराबोर रहा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




