दूधमुंहे बच्चे की रहस्यमय मौत, मां ने अपने सास-ससुर पर लगाया हत्या का आरोप

उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मुहल्ला में मंगलवार की सुबह एक अजीब घटना सामने आई. जहां 25 दिन के दूधमुंहे बच्चे की हत्या का आरोप उनके दादा-दादी पर लगा है.
उदाकिशुनगंज. उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मुहल्ला में मंगलवार की सुबह एक अजीब घटना सामने आई. जहां 25 दिन के दूधमुंहे बच्चे की हत्या का आरोप उनके दादा-दादी पर लगा है. आरोप बच्चे की मां मौसम कुमारी द्वारा लगाया गया है. जिसमें आनंद कुमार (25 दिन) की हत्या गला दबाकर किए जाने की बात कही गई है. सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश चौधरी पुलिसबलों के स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने प्रारंभिक पड़ताल के बाद बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया. पुलिस का कहना है कि इस मामले में बच्चे के माता-पिता का आरोप है कि दादा और दादी ने मिलकर हत्या कर दी है. पुलिस का कहना है कि अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. लेकिन पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि बच्चे की हत्या की गई अथवा किसी बीमारी से मौत हुई. इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा. बहरहाल बच्चे की मौत के बाद दादा-दादी घर से फरार बताए जा रहे हैं. आस-पास के लोग खुलकर कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं.
प्रेम विवाह करने के बाद से ही परिवार था नाराज
पुलिस से शिकायत में मौसम कुमारी ने बताया है कि उनका करीब डेढ़ साल पहले लक्ष्मीपुर गांव के अशोक यादव के पुत्र बाबुल यादव के साथ प्रेम विवाह हुआ था. इस अंतर्जातीय प्रेम विवाह से उनके सास और ससुर और अन्य सदस्य नाराज रहा करते थे. इस बात को लेकर घर में अक्सर लड़ाई-झगड़ा हुआ करता था. मौसम ने बताई कि चार दिन पहले उसने लड़ाई-झगड़ा को लेकर थाना में आवेदन दिया. लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी. मौसम के मुताबिक 25 दिन पहले उसने बच्चे को जन्म दिया. उसके बाद बच्चा ठीक ठाक था. अचानक मंगलवार की सुबह बच्चे को मृत देखकर उसके माता-पिता हैरान रह गए. बताया गया कि मृत बच्चे के नाक से खून निकला हुआ था. इस कारण गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई गई है. मंगलवार को मृत बच्चे के साथ बिलखते माता पिता ने कहा कि हमें न्याय चाहिए. वजह कि उसके बच्चे को मार दिया गया है. प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश चौधरी ने बताया कि मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










