महाशिवरात्रि पर दो लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे बाबा नगरी, ऐतिहासिक सिंहेश्वर मेला का हुआ उद्घाटन

बिहार सरकार के तरफ से बाबा सिंहेश्वर स्थान के जीर्णोद्वार की जो योजनाएं चलाई जा रही है,
मेला परिसर में मनोरंजन के साधन के साथ- साथ जनउपयोगी सरकारी स्टॉल भी –
कृषि को लेकर लगाये गये है स्टॉल –
सिंहेश्वर, मधेपुरा
देवाधिदेव महादेव की नगरी में आस्था, परंपरा और संस्कृति का अद्भुत संगम के बीच ऐतिहासिक और पौराणिक महाशिवरात्रि मेला का भव्य उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ. पंडितों ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की. नौ कन्याओं ने फीता काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया. वहीं डीआरडीए मंच पर दीप प्रज्वलित कर डीएम अभिषेक रंजन, एसपी संदीप कुमार सिंह, एडीएम अरुण कुमार, सीएस डॉ विजय कुमार सहित अन्य के द्वारा मेला का शुभारंभ किया गया. हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बन गया.उद्घाटन के बाद नवोदय स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गान गया. डीएम ने लोगों से सिंहेश्वर मंदिर एवं क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की अपील की. उन्होंने मेले को सफल, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में सभी से सहभागिता की अपील की. इस अवसर पर लगभग सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान की जा रही है. बिहार सरकार के तरफ से बाबा सिंहेश्वर स्थान के जीर्णोद्वार की जो योजनाएं चलाई जा रही है, इससे यहां आये श्रद्धालु को दर्शन के लिए उत्तम व्यवस्था, मनोरंजन की सुविधा को ध्यान में रखा गया है. खासकर मार्केट कंपलेक्स, धर्मशाला, फूड कोर्ट बनाया जा रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुये कार्य कराया जा रहा है. जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार का पूरा प्रयास है यह पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो. धन्यवाद ज्ञापन सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति सदस्य विजय कुमार सिंह एवं मंच का संचालन शशि प्रभा जायसवाल ने किया.
– बाबा मंदिर के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब-
महाशिवरात्रि पर रविवार को देवाधिदेव महादेव के दरबार में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. गर्भगृह में विराजमान बाबा के शिवलिंग पर श्रद्धा अनुराग की अखंड जलधार फूल पत्ती विभिन्न चढ़ावा और दुग्ध जल बहती रही. अहले सुबह से ही शिवभक्तों के हर- हर महादेव, हर- हर, बम- बम के गगनभेदी उद्घोष से पूरा मंदिर परिक्षेत्र गुंजायमान रहा. महाशिवरात्रि पर पहली पूजा को लेकर सिंहेश्वर मंदिर पहुंचने वाले विभिन्न सड़क सुपौल रोड, पिपरा रोड, बिरैली रोड, जगबनी रोड, मधेपुरा रोड, सुखासन रोड, गौरीपुर रोड में श्रद्धालुओं का विभिन्न वाहन सहित पांव पैदल आने का सिलसिला दिनभर जारी रहा. सिंहेश्वरनाथ महादेव को पूजा के लिए अररिया, किशनगंज, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, खगड़िया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, बेगूसराय, भागलपुर, कटिहार सहित नेपाल के तराई क्षेत्र व अन्य राज्यों के भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे. इधर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुये मंदिर प्रशासन में गर्भ गृह का पट अहले सुबह तीन बजे ही खोल दिया. पट खुलने के पहले से ही मंदिर परिसर में लगे शिवगंगा तट से मंदिर द्वार तक लगी. बेरीकेटिंग में श्रद्धालु कतार में होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे. शिवगंगा से मुख्य द्वार तक श्रद्धालुओं की लाइन लगातार लंबी होती रही. श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी को तैनात किया गया था. हालांकि पट खुलने पर भीड़ कि स्थिति समान्य रही. लेकिन दस बजे सुबह के बाद भीड़ का इतना दबाव था कि सुरक्षकर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ी. न्यास प्रबंधन के अनुसार महाशिवरात्रि के पहले दिन दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. मंदिर पड़ी क्षेत्र समेत नगर में पूरे दिन भक्ति का माहौल रहा. बाबा के भक्ति गीत से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा.
– चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगाह-महाशिवरात्रि पर्व पर शिवभक्तों के सुरक्षा को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन भी बेहद सतर्क रहा. मंदिर परिक्षेत्र में थाना अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह दल बल के साथ व्यवस्था पर नजर रखने के लिए देर रात से ही गश्त करते रहें. पूरे मंदिर परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी से होती रही. हालांकि चोरी की शिकायत लगातार मिलती रही.—- इनसेट —-
आप भी लीजिए सिंहेश्वर मेला का मजासिंहेश्वर, मधेपुरा.
उत्तर बिहार के प्रसिद्ध सिंहेश्वर मेला रविवार से शुरू हो गया. मेला संवेदक जितेंद्र कुमार सिंटू, सहयोगी संवेदक डॉ आभास आनंद झा ने बताया कि इस वर्ष मेला 15 फरवरी से शुरू हो गया है जो लगातार एक माह तक चलेगी. मेला में साफ- सफाई, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी की व्यवस्था सुविधाएं यहां उपलब्ध की गई है. वही मेला में मछली घर में जलपरी, भूल भुलैया, डिजनीलैंड, राम झूला, लक्ष्मण झूला, टावर झूला, ड्रैगन झूला, रेंजर झूला, ब्रेक डांस एवं बच्चों के मिकी माउस सहित दर्जन से अधिक छोटे- छोटे झूला भी लगाए गए हैं. मेला में कृषि प्रदर्शनी भी लगाई गई हैं. खाने पीने के लिए राजस्थान बंगाल वह अन्य शहरों के नामचीन होटल में श्रद्धालु लजीज व्यंजन का स्वाद ले सकेंगे. वहीं कई चटपटे दुकानें भी सज गई हैं. महिलाओं के लिए चूड़ी घर श्रृंगार प्रसाधन केंद्र हर एक माल की कई दुकानें आकर्षण का केंद्र हैं. मेला में जादूगर भी लोगों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं. युवाओं के मनोरंजन के लिए एक थिएटर भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दे रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ पर्यटन विभाग की ओर से 20 से 22 फरवरी तक चलने वाले सिंघेश्वर महोत्सव में नामचीन कलाकार जुटेंगे. इस बार लोगों के मनोरंजन के लिए एक से बढ़कर एक गायक एवं गायिकाओं का जमावड़ा होगा. मेला क्षेत्र में कई सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां एवं स्टॉल लग रहे है. जो मेला घूमने आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा. मेला में सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला थाना खोली गयी है.—- इनसेट ————
मेला में आकर्षण का केंद्र बना मीना बाजार, डीएम नें कहा एक माह तक लगेगा
सिंहेश्वर, मधेपुरा
मेला ग्राउंड सिंहेश्वर में सरकारी स्तर पर लगने वाला मीना बाजार आमलोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया. मात्र चार दिन में सिमटने वाला यह बाजार अब एक महीने तक लगेगा. मीना बाजार में अद्भुत फल पौधों की प्रदर्शनी के साथ किसान को अनुदानित दर पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराया गया. इस राजकीय मेला में मीना बाजार अपने पुराने रूप में दिखा. सर्कस और थियेटरों के साथ- साथ कृषि विभाग के मीना बाजार को लोग देखना नहीं भूले. यहां अनेक प्रकार के गुलाब फूल के पौधे, विशाल बांस, मीठी इमली और मीठा आंवला, लीची की तरह गुदे वाला मलेशियन फल रामबुटान के पौधे, कटहल की तरह दिखने वाला डूरियन, रानी विक्टोरिया की पसंदीदा फल मैंगोस्टीन, इजराइल का केला और हर मौसम में फलने वाला आम, इसके अतिरिक्त गरम मसाला आदि सैकड़ों अन्य प्रजातियों के पौधे देखे गए. डीएम अभिषेक रंजन नें चार दिनों में सिमटने वाला मीणा बाजार को एक माह तक लगाने का निर्देश दिया. इस किसान मेला में हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड द्वारा भी एक आकर्षक स्टॉल लगाया गया. इस स्टॉल का अवलोकन जिलाधिकारी अभिषेक रंजन द्वारा किया गया. उन्होंने हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और इसे कृषि विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया. किसान मेले में हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के वरिष्ठ विपणन अधिकारी डॉ राहुल सिंह ने धरती माता बचाओ अभियान के अंतर्गत किसानों को मिट्टी की नियमित जांच, संतुलित उर्वरकों के उपयोग तथा जैविक उत्पादों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे उत्पादन बढ़े और मिट्टी की उर्वरता बनी रहे.-दर्जनों स्टॉल का किया उद्घाटन–समारोह के बाद डीएम अभिषेक रंजन ने दर्जनों स्टॉल का उद्घाटन फिता काटकर किया. जिसमें मुख्य रूप से जिला जन संपर्क कार्यालय मधेपुरा, मीना बाजार में कृषि विभाग, उद्यान निदेशालय, जीविका, विभिन्न प्रर्दशनी, उत्पाद विभाग, मत्स्य विभाग आदि का फिता काटकर उद्घाटन किया गया. जबकि स्काउट गाईड के बच्चों के साथ फोटो खिंचवाए और उनके कार्यो के बारें में जानकारी ली. – मेला उद्घाटन में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोगों को किया गया उपेक्षित-सिंहेश्वर, मधेपुरा
बिहार के प्रसिद्ध महाशिवरात्रि मेला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों की उपेक्षा होने पर लोगों में आक्रोश है. मेला उद्घाटन में किसी स्थानीय प्रतिनिधि को न तो विधिवत सूचना और ना ही आमंत्रण दिया गया. इस बाबत प्रखंड प्रमुख मो इशतियाक आलम, मुख्य पर्षद पूनम देवी एवं उपमुख्य पर्षद मो परवेज आलम के अलावे नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद सहित पंचायत प्रतिनिधि नें भेदभाव करने का आरोप लगाया. वहीं वार्ड नंबर दो की पर्षद रंजू देवी ने जिला पदाधिकारी को पत्र लिख कर महाशिवरात्रि मेला उद्घाटन एवं महोत्सव में स्थानीय लोग एवं जनप्रतिनिधि को उपेक्षित करने का आरोप लगाया.उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके वार्ड में महाशिवरात्रि मेला का आयोजन विगत कई वर्षों चला आ रहा है. वार्ड की जनप्रतिनिधि होने के नाते पहले मेला उद्घाटन में आमंत्रित भी किया जाता था. लेकिन इस वर्ष महाशिवरात्रि मेला उद्घाटन 2026 में हमें ना कोई आमंत्रण मिला और ना ही कोई सूचना मिला है. हमें खेद है, हमें न केवल उपेक्षित किया गया बल्कि हमारे मान और सम्मान को धूमिल करने का प्रयास किया गया. वहीं दूसरी तरफ बताया गया कि आमंत्रण नहीं मिलने के वजह से जब कोई भी स्थानीय और जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे तो जीविका दीदियों को बुलवा कर कुर्सियों को भरने की कोशिश की गई. लेकिन वह भी नाकाफी रहा.– भूत प्रेत पिशाच बने बाराती, महाशिवरात्रि पर निकली शिव बारात —सिंहेश्वर, मधेपुरा.
महाशिवरात्रि पर रविवार को शिव बारात मे आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. अपने आराध्य देव बाबा सिंहेश्वरनाथ के विवाहोत्सव की घड़ी का शहर के हजारों लोग साक्षी बने. मंदिर प्रांगण से निकली शिव बारात मे शामिल लाखों भक्तों ने बाबा के अनुराग और आस्था के सामने अमीर गरीब की सारी दिवार ढ़ह गयी. चहुंओर हर-हर महादेव, जय बाबा सिंहेश्वर नाथ के नारों से गूंज उठा. वही विविध स्वांग रचाये युवाओ और स्कूली बच्चों के द्वारा भूत, प्रेत, पिशाच, नंदी और शरीर में भस्म का लेप लगाये बाराती और बैंडबाजा आर्कषण का केन्द्र रहा. शाम चार बजे जब लाखों बारातियों के साथ फूल माला से लदे नटराज रथ पर सवार हुए. और माता पार्वती से विवाह रचाने निकले तो बारात के स्वागत में पूरे नगर वासी पुष्प वर्षा कर दी. बारात स्वागत के लिए नगरवासी पहले से ही अपने घरों के आगे साफ- सफाई कर दीप जलाए हाथ में अगरबत्ती गुलाल अबीर लिए बारातियों का न सिर्फ स्वागत किया. बाबा के बारात में शामिल होकर बारात के काफिला को लगातार लंबी करते रहे. बरात में दर्जनों घुड़सवार सहित दर्जनों वाहन बारात की अगुवाई करते दिखे. बारात में कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी के साथ साथ स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. देव नगरी में जलते दीपों की जगमगाहट से ऐसा लग रहा था मानो दीपों का त्योहार हो. बारात मंदिर से निकल कर नगर के वायपास होते हूए हाथी गेट, शर्मा चौक, दुर्गा चौक, पेट्रोल पंप, महावीर चौक सहित अन्य मार्गो का भ्रमण करते हुए बारात बाबा के ससुराल गौरीपुर पहुंची. इस दौरान सड़क के किनारे दोनों तरफ बच्चों, महिलाओं, युवाओं की भारी भीड़ बारात देखने के लिए जुटी रही. बारात के इस भक्ति में माहौल में ऐसा प्रतीत हो रहा था. इस अलौकिक दृश्य का गवाह बनने के लिए मानो स्वर्ग के सभी देवता धरती पर उतर आए हो और महादेव बारात की अगुवाई कर रहे हों. शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुज़र रही बारात का नगर के हर धर्म व जाति के लोगों ने पुष्प अर्पित कर स्वागत किया. बारात में शामिल शिवभक्तों से नगर की गली और बाजार से लेकर बाबा दरबार तक पटा रहा. खास बात यह है कि भगवान शिव के विवाह के बाद ही महादेव की नगरी पूरी तरह शिवमय माहौल में आती है. बताया गया है न्यास की ओर से बाबा और मां गौरी की विवाह समारोह देर रात संपन्न कराया गया. इसके बाद मंदिर में विशेष सरकारी पूजा का भी आयोजन किया गया. विवाह समारोह के बाबा को गोरी मैया मंदिर में रखा गया है. जहां चौठारी तक बाबा विराजमान रहेंगे. बाबा के विवाह पर व्रत रखने वाले हजारों श्रद्धालु जलढरी के दिन बाबा को जलाभिषेक कर अपना व्रत तोड़ेंगे. महाशिवरात्रि का पर्व फाल्गुन मास की चतुर्दशी को मनाया जाता हैं. धार्मिक पुराणों के अनुसार इस दिन ही संसार की उत्पति हुई थी. पौराणिक कथाओं के अनुसार इस दिन सृष्टि का आरम्भ अग्निलिंग के उदय से उत्पन्न हुई थी. इसके अलावा यह भी धार्मिक मान्यता हैं कि इसी दिन महादेव और देवी पार्वती का विवाह हुआ था.श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे स्वयंसेवक-
महाशिवरात्रि के मौके पर देवाधिदेव महादेव की नगरी सिंहेश्वर में रविवार को विभिन्न स्वयंसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं के द्वारा शुद्ध पेयजल, ग्लुकोज, लस्सी, दूध का शरबत और नींबू पानी उपलब्ध कराया. मंदिर प्रांगण, शर्मा चौक, सहित अन्य स्थानों पर स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा में दिनभर जुटे रहे. इन स्टॉल पर दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी प्यास बुझाते दिखे. वही बाबा के बरात में शामिल श्रद्धालु के लिए भी स्टोलों पर विशेष व्यवस्था की गई थी. वही स्टॉल के द्वारा फूल अबीर, गुलाल बाबा के बारात स्वागत में वर्षाया गया.– फिसड्डी साबित हुआ ट्रैफिक प्लान-
देवाधिदेव के नगरी में शिवरात्रि के मौके पर हर वर्ष लाखों श्रद्धालु सिंहेश्वर पहुंचते है. इसके लिये प्रशासन पुरे तनमन से कार्य करती है और हर छोटी बड़ी बातों का ध्यान रखती है. श्रद्धालुओं का ध्यान रखते हुये हर वर्ष मुख्य बाजार में बड़ी गाड़ियों पर प्रतिबंध भी लगाती है. लेकिन इस बार बड़ी गाड़ियों पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रह पाया. बड़ी गाड़ियां आराम से मुख्य बाजार में प्रवेश करती रही. जबकि प्रशासन किसी प्रकार की अनिष्ट न हो इसके लिये पुरजोर कोशिश करती रही है लेकिन इस प्रकार से भाड़ी भीड़ में बड़े व भाड़ी वाहनों के आवाजाही से बड़ी दुर्धटना की स्थिति बनी रहती है. ट्रैफिक के लिए बताया गया कि कई दिन पहले रूट चार्ट सहित बाजार में किसी भी वाहन को बाजार में प्रवेश पर रोक की बात कही थी. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो पाया. वहीं दुसरी तरफ मेले में काफी संख्या में लोग काफी दुर- दुर से पुहंच रहे है.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




