मधेपुरा में गरीबों को मिलती है मुफ्त कानूनी मदद, DLSA ने PLV को बताया कैसे दिलाएं योजनाओं का लाभ

Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

Madhepura News: जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने पारा लीगल वॉलंटियर्स के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया. इस दौरान गरीबों को मुफ्त विधिक सहायता, मुआवजा और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.

विज्ञापन

Madhepura News: मधेपुरा में गरीब, आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच आसान बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) ने पारा लीगल वॉलंटियर (PLV) के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया. डीएलएसए सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन सदर और उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के पीएलवी को कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं और जनजागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई.

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव-सह सीनियर जज पूजा कुमारी साह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि समाज के गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना डीएलएसए की प्राथमिक जिम्मेदारी है. ऐसे लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने में पारा लीगल वॉलंटियर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.

पीड़ितों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया समझाई

जज पूजा कुमारी साह ने बताया कि अंग-भंग, गर्भपात, महिला उत्पीड़न सहित विभिन्न मामलों में पीड़ितों को सरकार की ओर से मुआवजा देने का प्रावधान है.

उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित मामले में थाना में एफआईआर दर्ज होना आवश्यक है. इसके साथ ही पीड़ित या उसके परिजन को जिला विधिक सेवा प्राधिकार में आवेदन भी देना होगा, ताकि नियमानुसार सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके.

उन्होंने नशा मुक्ति, महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ डीएलएसए की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने की भी जानकारी दी.

लोक अदालत से सुलझ सकते हैं कई विवाद

न्याय नेटवर्क एनजीओ से जुड़े परामर्शी मो. जाहिद हुसैन ने प्रशिक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यों, किशोर न्याय परिषद, बाल कल्याण समिति और श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से चेक बाउंस, बैंक लोन, बिजली बिल और अन्य कई प्रकार के मामलों का आपसी सहमति से त्वरित और कम खर्च में समाधान किया जा सकता है.

सरकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने पर जोर

जिला बाल संरक्षण इकाई के परामर्शी सुजीत कुमार ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने परवरिश योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका और बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की.

उन्होंने पीएलवी से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करें.

Madhepura News : पीएलवी की भूमिका सबसे अहम

पैनल अधिवक्ता विजय कुमार यादव ने पारा लीगल वॉलंटियर के अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए कहा कि पीएलवी जमीनी स्तर पर न्याय व्यवस्था और आम लोगों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं.

उन्होंने कहा कि यदि पीएलवी सक्रिय होकर ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करें तो अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है.

कार्यक्रम का संचालन कानूनी सलाहकार अधिवक्ता देवेंद्र कुमार ने किया. इस अवसर पर डीएलएसए के राजकुमार पासवान, अजीत कुमार, निशिकांत कुमार, दीपक कुमार, बीरेन्द्र कुमार, गौतम कुमार, शंकर कुमार, रवीन्द्र कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.

Also Read: हिरासत में लिए गए माले विधायक संदीप सौरभ, 25 जुलाई को बिहार बंद से पहले एक्शन में पुलिस

Also Read: पटना से दिल्ली सिर्फ साढ़े 9 घंटे में, जल्द मिलेगी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, देखें पूरी डिटेल



विज्ञापन
कुमार आशीष

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन