आरओबी निर्माण को लेकर हटाया गया अतिक्रमण, व्यवसायियों की बढ़ी परेशानी

आरओबी निर्माण को लेकर हटाया गया अतिक्रमण, व्यवसायियों की बढ़ी परेशानी
मधेपुरा. जिला मुख्यालय के रेलवे ढाला व सुखासन रोड में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया.
सरकारी जमीन पर बनाये गये स्थायी व अस्थायी निर्माण को जेसीबी से तोड़ दिया. अतिक्रमण के दायरे में आने वाली करीब दर्जनों दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया. सरकारी जमीन पर बनाये गये स्थायी व अस्थायी दुकानों को क्षतिग्रस्त किया गया. अतिक्रमण के दायरे में आने वाले 61 दुकानदारों पर कार्रवाई की गयी है.गौरतलब है कि कर्पूरी चौक रेलवे ढाला पर रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण किया जा रहा है. अतिक्रमण के कारण आरओबी का निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है. अतिक्रमण के कारण आमलोगों को भी आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है. प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही थी. माइकिंग के जरिये भी अतिक्रमण हटाने की अपील की गयी थी. प्रशासन की ओर से 61 दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी किया गया.
प्रशासन ने सख्ती से हटाया अतिक्रमण अतिक्रमण के कारण शहर में अधिकतर जाम की समस्या के मद्देनजर सीओ नवीन कुमार सिंह ,कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी, सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार एवं सदर थाना पुलिस के साथ जेसीबी से अतिक्रमित दुकानों को तोड़ कर हटाया गया. इस दौरान सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गयी. अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली और देखते-देखते एक के बाद एक दुकान जो अतिक्रमित थे उन्हें ध्वस्त किया. अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को एक महीने पूर्व नोटिस दिया गया था.अतिक्रमण में संतमत भवन, लोगों जतायी है सहमतिआरओबी निर्माण में बजरंगबली स्थान व दो मंजिला संतमत भवन को भी हटाने की आवश्यकता जतायी गयी है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं को अविलंब संतमत भवन का कुछ हिस्सा व बजरंगबली स्थान को हटाने का आग्रह किया है. हालांकि स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण की चपेट में आये संतमत भवन व बजरंगबली स्थान को हटाने पर सहमति जतायी है. बजरंगबली स्थान के लिए अलग से सरकारी भूमि चिन्हित करने की बातें कही. जबकि संतमत भवन का कुछ हिस्सा तोड़कर हटा लिया जायेगा. इसके लिए प्रशासन ने दो दिन का समय दिया है. मौके पर लोगों ने आरओबी निर्माण में पूर्ण सहयोग करने की बात कही है.
रोजगार पर उत्पन्न हो गया है संकट सरकारी जमीन में बने स्थायी व अस्थायी दुकान के ध्वस्त होते ही दर्जनों दुकानदारों का व्यवसाय चौपट हो गया. व्यवसाय को चौपट होते देख कई दुकानदारों में मायूसी छायी रही. व्यवसायियों ने बताया कि अब उनलोगों का व्यवसाय पूरी तरह चौपट हो गया है. पहले व्यवसाय के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे. बच्चे की पढ़ाई-लिखाई व पालन पोषण इसी दुकान से चल रहा था, लेकिन अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकान टूटने से उनलोगों का सपना अब टूट गया है. पारिवारिक जीवन यापन में समस्या उत्पन्न हो गया है. व्यवसाय चौपट होने वाले प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन व सरकार से उचित आर्थिक सहयोग देने की मांग की है. साथ ही व्यवसाय के लिए स्थल मुहैया कराने की मांग की है. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दुकानें टूने से मायूस दुकानदारों ने कहा कि उनकी रोजी- रोटी का जरिया खत्म हो गया. अब नये सिरे से रोजगार को स्थापित करना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी. फिलहाल उनके सामने रोजगार को बड़ा संकट खड़ा हो गया है.——–
आमलोगों के सुविधा के लिए आरोबी निर्माण हो रहा है. निर्माण कार्य व लोगों के अवागमन में अतिक्रमण के कारण परेशानी हो रही थी. किसी को परेशानी हो इसका ख्याल रखते हुये अतिक्रमण हटाया जा रहा है.
संतोष कुमार, सदर एसडीएम, मधेपुराB
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




