नशा, अपराध व जमीन विवाद पर सख्ती का भरोसा, ओपी बनाने का आश्वासन

Published at :24 Apr 2026 9:45 PM (IST)
विज्ञापन
नशा, अपराध व जमीन विवाद पर सख्ती का भरोसा, ओपी बनाने का आश्वासन

जिले के मठाही पुलिस शिविर में शुक्रवार को एसपी संदीप सिंह की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया.

विज्ञापन

मठाही पुलिस शिविर में एसपी का जनसंवाद, मधेपुरा. जिले के मठाही पुलिस शिविर में शुक्रवार को एसपी संदीप सिंह की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान क्षेत्र में बढ़ते नशाखोरी, अपराध नियंत्रण, जमीन विवाद तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखी. एसपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. जनसंवाद में ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार, चोरी-छिनतई तथा जमीन विवाद की शिकायत करते हुए कहा कि इन समस्याओं के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि नशाखोरी की वजह से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है और अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है. इस पर एसपी संदीप सिंह ने कहा कि नशा एवं अपराध के खिलाफ पुलिस प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा एवं इसमें आम जनता की सहभागिता भी जरूरी है. एसपी ने नशे पर नियंत्रण के लिए डीआईजी एवं एसपी हेल्पलाइन नंबर की जानकारी ग्रामीणों को दी और अपील की कि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना देने वालों की पहचान सुरक्षित रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मठाही पुलिस शिविर को ओपी का दर्जा देने की मांग भी उठाई. इस पर एसपी ने आश्वासन दिया कि मठाही पुलिस शिविर को जल्द ही ओपी का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके तथा लोगों को त्वरित पुलिस सुविधा उपलब्ध हो. इसके अलावा ग्रामीणों ने तुनियाही एवं खौपती के बीच लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं पर चिंता जताते हुए वहां स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग रखी. इस पर एसपी संदीप सिंह ने कहा कि फिलहाल उस क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे लूटपाट जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके. एसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जायेंगे. जनसंवाद कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिया. जनसंवाद के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी कि मठाही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और पुलिस प्रशासन स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगा. मौके पर सदर थाना अध्यक्ष विमलेंदु कुमार, मठाही पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी, देवेंद्र ठाकुर, स्थानीय समिति सदस्य प्रतिनिधि अशोक कुमार, मुखिया नवीन कुमार, शंभू शरण सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन