संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट प्रशासन, आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारी सुदृढ़ करने का निर्देश

संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट प्रशासन, आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारी सुदृढ़ करने का निर्देश
पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार व त्वरित निवारण पर बल
जनगणना-2027 की तैयारी की समीक्षा, त्रुटिरहित व समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
मधेपुरा.
जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान जनगणना-2027, सहयोग शिविर व आपदा प्रबंधन से संबंधित समीक्षा की. बैठक के दौरान डीएम ने जनगणना-2027 की तैयारी की समीक्षा करते हुये कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का संवेदनशील व महत्वपूर्ण कार्य है. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रगणक व पर्यवेक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता व जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि कार्य समयसीमा के भीतर व त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके.डीएम ने सहयोग शिविरों के सफल संचालन पर विशेष बल देते हुए कहा कि आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर आयोजित इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाय. उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकाधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचायी जाय व प्राप्त शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी व प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाय.आपदा प्रबंधन के संदर्भ में संभावित बाढ़ व अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारी की समीक्षा की गयी. डीएम ने निर्देश दिया कि राहत व बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों, राहत सामग्री, नाव, चिकित्सा सुविधा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पहले से ही सुदृढ़ रखा जाय. साथ ही आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए विभागीय समन्वय व संचार तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया गया. बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी कार्य योजना पर चर्चा की गयी. डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुये निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी व अन्य प्रशासनिक कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










