कांवरियों को नहीं मिल रही मूलभूत सुविधाएं, डीएम से पेयजल और शौचालय की मांग
फोटो- गौरव कबीर,सामाजिक कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
श्रावणी मेले के दौरान उदाकिशुनगंज से गुजरने वाले कांवरियों को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है. पेयजल और शौचालय की तत्काल व्यवस्था की मांग को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई गई है.
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा). श्रावणी मेला के दौरान उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र से गुजरने वाले कांवरियों की सुविधा को लेकर प्रशासन से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठी है. समाजसेवी गौरव कबीर सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी मधेपुरा को आवेदन देकर नगर क्षेत्र में तत्काल पेयजल, अस्थायी शौचालय और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था कराने का आग्रह किया है.
बड़ी संख्या में गुजर रहे कांवरिया
आवेदन में बताया गया है कि श्रावणी मेला के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उदाकिशुनगंज होकर विभिन्न शिवालयों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं. दूर-दराज से आने वाले कांवरियों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है. ऐसे में रास्ते में पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है.
महिला कांवरियों को सबसे अधिक परेशानी
आवेदन में कहा गया है कि नगर परिषद क्षेत्र में कांवरियों के लिए पर्याप्त अस्थायी शौचालय की व्यवस्था नहीं है. सार्वजनिक शौचालय की कमी के कारण विशेषकर महिला कांवरियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. श्रद्धालुओं ने मेला अवधि में बेहतर स्वच्छता और सुविधाओं की जरूरत बताई है.
जगह-जगह पेयजल शिविर लगाने की मांग
समाजसेवी गौरव कबीर ने कहा कि सावन के दौरान तेज धूप और उमस के बीच कांवरिया पैदल यात्रा कर रहे हैं. ऐसे में रास्ते में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था बेहद जरूरी है. उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से जगह-जगह पेयजल शिविर लगाने तथा अस्थायी शौचालय और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था कराने की मांग की.
डीएम से तत्काल हस्तक्षेप का आग्रह
आवेदन के माध्यम से जिलाधिकारी से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए उदाकिशुनगंज नगर परिषद प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया है. लोगों का कहना है कि मेला अवधि में श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए.
प्रशासन से सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
समाजसेवी गौरव कबीर, अविनाश कुमार सिंह, अमर आशीष, गौरव कुमार, जयप्रकाश कुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को मेला अवधि में पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था करनी चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कौनैन वशीर
कौनैन वशीर प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. वर्ष 2001 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की. अभी उदाकिशनगंज (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







