घटिया निर्माण से सवालों में लैब भवन, दो पीलर पर खड़ा हो रहा 17 लाख का प्रोजेक्ट
Updated at : 01 Apr 2026 6:09 PM (IST)
विज्ञापन

करीब 17 लाख रुपये की लागत से बनाये जा रहे इस भवन में मानकों की अनदेखी किये जाने का आरोप है.
विज्ञापन
कुमारखंड
प्रखंड के बिशनपुर बाजार पंचायत अंतर्गत महावीर रानीपट्टी उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिकुलिया में निर्माणाधीन लैब भवन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे है. सर्वशिक्षा अभियान के तहत करीब 17 लाख रुपये की लागत से बनाये जा रहे इस भवन में मानकों की अनदेखी किये जाने का आरोप है. स्थानीय ग्रामीणों एवं विद्यालय प्रबंधन ने निर्माण कार्य पर नाराजगी जतायी है.जानकारी के अनुसार 40 फीट लंबा एवं 22 फीट चौड़ा यह लैब भवन महज दो पीलरों के सहारे बनाया जा रहा है, जो तकनीकी दृष्टि से काफी कमजोर माना जा रहा है. इसके अलावा, निर्माण कार्य में 12:1 अनुपात का मसाला (सीमेंट-रेत मिश्रण) इस्तेमाल किये जाने की बात सामने आयी है, जिसे विशेषज्ञ मानकों के अनुरूप नहीं मानते. इससे भवन की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. विद्यालय के प्रधानाध्यापक विपिन कुमार ने भी निर्माण कार्य में लापरवाही की पुष्टि की है.
उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है और कई स्तरों पर अनियमित्ताएं देखी जा रही है. उन्होंने संबंधित विभाग से जांच कराने की मांग की है, ताकि समय रहते सुधार हो सके. इस निर्माण कार्य के संवेदक अजीत यादव एवं तकनीकी पर्यवेक्षण कर रहे जेई राज सिंह की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की स्थायित्व पर खतरा बना हुआ है. उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. इस पूरे मामले पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कुमारखंड ने कहा कि भवन निर्माण में अनियमित्ता की जानकारी मिली है, जांच कर कार्रवाई की जायेगी. उनके इस बयान के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच करायी जाये एवं मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाये. शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की लापरवाही न केवल सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि छात्रों की सुरक्षा के साथ भी सीधा खिलवाड़ है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




