10 पर्चाधारी किसानों की गेहूं फसल जबरन काटी, फायरिंग कर फैलायी दहशत
Author Rajeev murarai sinha sinha
Updated:
विज्ञापन

10 पर्चाधारी किसानों की गेहूं फसल जबरन काटी, फायरिंग कर फैलायी दहशत
विज्ञापन
रात के अंधेरे में हार्वेस्टर लेकर पहुंचे दबंग, विरोध करने पर डराया-धमकाया, थाने में आवेदन
सूर्यगढ़ा. पिपरिया थाना क्षेत्र के पथुआ दियारा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं. यहां सामाजिक न्याय व जमीन के अधिकार को चुनौती देते हुए दबंगों ने 10 पर्चाधारी किसानों के हक पर डाका डाला है. रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात दबंगों ने हार्वेस्टर के जरिए किसानों के खेत में खड़ी तैयार गेहूं की फसल को जबरन काट लिया. ग्रामीण सूत्रों की मानें तो इस दौरान इलाके में दहशत फैलाने के लिए दबंगों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे ग्रामीण सहम गये. जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे जब गांव के लोग सो रहे थे, तभी दबंगों का समूह हार्वेस्टर के साथ पथुआ दियारा पहुंचा. सुनियोजित तरीके से एक-एक कर पर्चाधारी किसानों के खेतों में लगी फसल को काटना शुरू कर दिया गया. सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी. मेहनत की कमाई और साल भर के राशन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया था.इन किसानों की फसल लूटी
पीड़ित किसानों में पन्नू रजक, बालचंद रजक, बाली रजक, रमाकांत भगत, फूचो पासवान, सहदेव ठाकुर, भुवनेश्वर भगत और सत्यनारायण भगत समेत कुल 10 किसान शामिल हैं. इन सभी के पास जमीन के सरकारी पर्चे हैं और वे वर्षों से इन खेतों को जोतते-बोते आ रहे हैं. मामले को लेकर पीड़ित किसानों ने सोमवार को पिपरिया थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. इस संबंध में पिपरिया थानाध्यक्ष सौरभ सुमन ने बताया कि फसल काटे जाने की शिकायत मिली है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










