लखीसराय में निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर शराब के नशे में गिरफ्तार, उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई

गिरफ्तार निलंबित ड्रग्स इंस्पेक्टर.
Suspended Drug Inspector arrested : लखीसराय में शराब के नशे में हंगामा कर रहे निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम को उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है. मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज किया गया है.
Suspended Drug Inspector arrested : लखीसराय शहर के नई बाजार स्थित गौशाला गली में सोमवार देर रात शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना पर पहुंची उत्पाद विभाग की टीम ने निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम को गिरफ्तार कर लिया. यह वही अधिकारी हैं जो हाल ही में दवा बरामदगी, कथित रिश्वत मांगने और ऑडियो वायरल होने के मामले को लेकर चर्चा में रहे थे.
नशे की हालत में हंगामा करते पकड़े गए
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष निर्मल कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि निलंबित ड्रग इंस्पेक्टर दीपक राम नई बाजार स्थित गौशाला गली में शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं. सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया.
मेडिकल जांच में शराब पीने की हुई पुष्टि
हिरासत में लेने के बाद दीपक राम की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई. इसके बाद उत्पाद विभाग ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी.
रिश्वत और ऑडियो वायरल मामले में पहले ही हो चुके हैं निलंबित
दीपक राम कुछ दिन पहले उस समय विवादों में आए थे, जब रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र में पकड़ी गई दवाओं से लदे एक वाहन के मामले में उन्होंने कथित रूप से 16 दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं की. आरोप है कि दवा रिलीज करने के एवज में उन्होंने तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी.
इसी मामले में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने पर दीपक राम ने मंत्री से हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर उसे वायरल कर दिया था. यह मामला पूरे बिहार में चर्चा का विषय बन गया था.
विभागीय कार्रवाई के बाद भी रह रहे थे लखीसराय में
ऑडियो प्रकरण के बाद प्रशासन ने उनका तबादला पटना कर दिया था. बाद में रामगढ़ चौक दवा प्रकरण की विभागीय जांच में उन्हें निलंबित कर दिया गया. स्थानीय ड्रग्स संगठन के लोगों का आरोप है कि दीपक राम अपने कार्यकाल के दौरान मेडिकल दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान करते थे. निलंबन के बाद भी वह लखीसराय में ही रह रहे थे.
ये भी पढ़ें : नीट यूजी परीक्षा फर्जीवाड़ा की : रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी भेजे गए जेल, सरगना पुलिस के रडार पर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










