लखीसराय में बनेगा क्वारंटाइन स्टेशन, दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार को मिलेगी नई रफ्तार

फोटो- निरीक्षण के दौरान डीएम शैलेंद्र कुमार व अन्य पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
लखीसराय जिले में दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार और फ्रोजन सीमेन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए क्वारंटाइन स्टेशन की स्थापना की जाएगी. 19.90 एकड़ सरकारी भूमि का निरीक्षण किया गया है और इसे उपयुक्त पाया गया है.
Dairy Development: लखीसराय. राज्य में दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार एवं उच्च आनुवंशिक क्षमता वाले फ्रोजन सीमेन उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखीसराय जिले में क्वारंटाइन स्टेशन स्थापित किया जाएगा. मंगलवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार तथा बिहार राज्य मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड), बरौनी के प्रबंध निदेशक ने चानन अंचल में प्रस्तावित भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया.
19.90 एकड़ सरकारी भूमि का किया गया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान चानन अंचल के मौजा रजौन (थाना संख्या-49, खाता संख्या-241, खेसरा संख्या-1771) स्थित 19.90 एकड़ सरकारी भूमि का भौतिक सत्यापन किया गया. अधिकारियों ने पाया कि यह स्थल मुख्य सड़क से जुड़ा हुआ है, जिससे भारी एवं हल्के वाहनों की आवाजाही सुगम रहेगी.
जैव सुरक्षा मानकों पर खरी उतरी प्रस्तावित भूमि
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने जैव सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों की जांच की. अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित भूमि सीमेन स्टेशन से लगभग पांच किलोमीटर की सुरक्षित दूरी पर स्थित है, जिससे पशुओं को पृथक रखने तथा संक्रमण से बचाने में सुविधा होगी. यहां नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रयोगशाला जांच की बेहतर व्यवस्था विकसित की जा सकेगी.
कॉम्फेड की टीम ने स्थान को बताया उपयुक्त
कॉम्फेड, बरौनी के प्रबंध निदेशक सहित निरीक्षण दल ने सर्वसम्मति से इस भूमि को क्वारंटाइन स्टेशन की स्थापना के लिए उपयुक्त माना. अधिकारियों ने बताया कि आसपास का वातावरण शांत, हरित एवं प्रदूषण मुक्त है तथा बिजली, पेयजल और पशु चिकित्सा जैसी आधारभूत सुविधाएं भी आसानी से विकसित की जा सकती हैं.
पांच एकड़ भूमि के सीमांकन का निर्देश
जिला प्रशासन ने चानन के अंचलाधिकारी को उपलब्ध सरकारी भूमि में से पांच एकड़ भूमि का सीमांकन शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है. साथ ही नियमानुसार भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव एवं सभी आवश्यक अभिलेख सक्षम प्राधिकार को जल्द भेजने के निर्देश दिए गये हैं.
पशुपालकों को मिलेगा दीर्घकालिक लाभ
Dairy Development: अधिकारियों के अनुसार क्वारंटाइन स्टेशन स्थापित होने से बिहार में उच्च गुणवत्ता वाले फ्रोजन सीमेन उत्पादन और कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी. इससे दुधारू पशुओं की नस्ल में सुधार होगा और लखीसराय सहित आसपास के जिलों के पशुपालकों एवं डेयरी क्षेत्र को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्राप्त होगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










