केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का फर्जी पीए बनकर जेल आईजी को किया फोन, लखीसराय से युवक गिरफ्तार
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
केंद्रीय मंत्री का फर्जी पीए बनकर जेल आईजी को फोन करने के आरोप में एक युवक को लखीसराय से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी भरत सिंह नामक कुख्यात अपराधी को जेल स्थानांतरण करवाने का दबाव बना रहा था. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
Lakhisarai Fraud Case: लखीसराय. केंद्रीय मंत्री एवं मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का फर्जी पीए बनकर जेल आईजी को फोन करने के आरोप में पटना पुलिस ने लखीसराय से एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरवल जिले के मेहदिया निवासी अमित शर्मा के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
फर्जी पीए बनकर जेल आईजी पर बनाया दबाव
टाउन थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी धीरज कुमार ने खुद को केंद्रीय मंत्री का पीए बताते हुए जेल आईजी को फोन किया था. उसने भागलपुर सेंट्रल जेल में बंद कुख्यात अपराधी भरत सिंह को पटना के बेऊर केंद्रीय कारा स्थानांतरित करने का दबाव बनाया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को पटना के सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.
तकनीकी सर्विलांस से मिली आरोपी की लोकेशन
जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की मोबाइल लोकेशन लखीसराय और मुंगेर के बीच मिली. इसके बाद सचिवालय थाना, पटना और पटना डीआईओ की संयुक्त टीम ने लखीसराय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की.
राधे अस्पताल के पीछे से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने एनएच-80 स्थित राधे अस्पताल के पीछे एक आवास पर देर रात छापेमारी कर आरोपी धीरज कुमार को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया.
गिरोह की भूमिका की भी होगी जांच
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने यह कृत्य किसी संगठित गिरोह के इशारे पर किया या फिर अकेले ही केंद्रीय मंत्री के नाम का दुरुपयोग कर अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया. इसके लिए उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
जांच के बाद होगा पूरा खुलासा
Lakhisarai Fraud Case: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है. सभी पहलुओं की पड़ताल पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










