पढ़ा-लिखा लड़का करेगा मजदूरी नेता का बेटा बनेगा नेता :प्रशांत किशोर
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 23 Mar 2026 6:19 PM
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को लखीसराय जिले में पहुंचे. जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक कहा: बिहार नवनिर्माण अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करने का कर रहे काम लखीसराय. जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को लखीसराय जिले में पहुंचे. जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. जिसके बाद वे हसनपुर दुर्गा मंदिर के सामने एक मनोकामना गार्डन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जनसुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास रखा था. उस समय जन सुराज की ओर से यह घोषणा की गयी थी कि बिहार में जो नयी सरकार बनी है, उसे अपने वादों को पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जायेगा. इसके बाद बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत जन सुराज के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे. प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार नवनिर्माण अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करने का काम कर रहे हैं. वहीं, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार में नये मुख्यमंत्री को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि आने वाले समय में पहली बार बिहार को गुजरात से चलाया जायेगा. गुजरात के हितों को ध्यान में रखकर बिहार को संचालित किया जायेगा. यह सुनिश्चित किया जायेगा कि बिहार में फैक्ट्रियां न लगें, ताकि बिहार से करोड़ों युवा 10-15 हजार रुपये के लिए सस्ते मजदूर बनकर पूरे देश की फैक्ट्रियों में काम कर सकें. अगर बिहार में फैक्ट्रियां लग जायेगी तो सूरत, जामनगर, तमिलनाडु और पंजाब में 15 हजार रुपये में काम करने वाले मजदूर नहीं मिलेंगे. इसके साथ ही निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी तरफ से उन्हें शुभकामनाएं हैं, लेकिन जब मुख्यमंत्री का बेटा राजनीति में आ रहा है, तो बिहार की जनता को यह सोचना चाहिए कि जो बात जन सुराज कहता रहा है नेता का बेटा नेता बनेगा और सामान्य परिवार के पढ़े-लिखे बच्चे या तो मजदूरी करेंगे या बेरोजगार रहेंगे. उन्होंने कहा कि नेता चाहे समाजवादी हो, भाजपाई हो, कांग्रेसी हो या राजद का, बूढ़ा हो या युवा, अगड़ा हो या पिछड़ा, सभी नेता अपने बच्चों के लिए राजसिंहासन की तैयारी कर रहे हैं. आप अपने बच्चों की चिंता कीजिए, नहीं तो आपके बच्चे पढ़-लिखकर भी मजदूर ही बनेंगे. जैसा कि संभावना है कि, वे जनता दल यूनाइटेड के नेता के तौर पर सामने आ रहे हैं. अब उनकी योग्यता क्या है और समाज के प्रति उनका क्या योगदान है, यह जनता को देखना है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार भी वही कर रहे हैं, जो अन्य नेताओं लालू यादव और कांग्रेस के नेताओं ने किया है. बता दें वे बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं. इस दौरान वे हर जिले में जाकर संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं. इसी क्रम में वे सोमवार को लखीसराय जिला में पहुंचे थे. मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष रासपति पांडेय, अमित सागर, सूरज सिंह, मुन्ना उर्फ़ करण, कस्तूरी रंजन, दीपक कुमार, रामानुज सिंह, मो नईम, डॉ शिवधानी शर्मा, किशोर कुमार मुन्ना, तथागत हर्षवर्धन, जेपी सिंह सहित अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










