जिला बार एसोसिएशन चुनाव परिणाम रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग

Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 06 Apr 2026 11:20 PM

विज्ञापन

जिला बार एसोसिएशन चुनाव परिणाम रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग

विज्ञापन

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रजनीश कुमार ने दायर की अपील, चुनाव पदाधिकारी और समिति सदस्यों को बनाया पक्षकार

नियमों की अनदेखी का आरोप : मतदान से मात्र 12 घंटे पहले मतदाता सूची में जोड़े गए दर्जनों नाम

पारदर्शिता पर सवाल : चुनाव व मतगणना की नहीं करायी गयी वीडियो रिकॉर्डिंग, सदस्यता पंजी पर भी विवाद

लखीसराय. उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद विगत 12 मार्च 2026 को संपन्न लखीसराय जिला बार एसोसिएशन का चुनाव अब विवादों के घेरे में आ गया है. चुनाव प्रक्रिया व परिणाम से आहत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिवक्ता रजनीश कुमार ने बिहार बार काउंसिल, पटना में विस्तृत अपील दायर कर चुनाव में व्यापक धांधली और नियमों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है. दायर अपील में निर्वाचित अध्यक्ष, चुनाव पदाधिकारी डॉ श्रीनिवास सिंह, तीन सदस्यीय समिति के सदस्य अधिवक्ता उमेश्वर प्रसाद यादव, चंद्रमौलेश्वर सिन्हा व सहजानंद सिंह सहित अध्यक्ष पद के सभी नौ प्रत्याशियों को पक्षकार बनाया गया है. अधिवक्ता रजनीश कुमार ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में मनमाने तरीके से बदलाव किये गये. 18 फरवरी 2026 को बिना सदस्यता पंजी के प्रस्तावित मतदाता सूची प्रकाशित की गयी. इसके बाद 21 फरवरी को प्रकाशित अंतिम सूची से कई नियमित व सक्रिय अधिवक्ताओं के नाम हटा दिये गये, जबकि 23 फरवरी को पुनः प्रकाशित सूची में कई निष्क्रिय एवं डिफाल्टर सदस्यों के नाम जोड़ दिये गये.

सबसे गंभीर आरोप यह है कि मतदान से मात्र 12 घंटे पूर्व दर्जनों मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गये, जिसकी जानकारी किसी भी प्रत्याशी को नहीं दी गयी. अपील में यह भी कहा गया है कि बिहार बार काउंसिल के मॉडल रूल्स के अनुसार नामांकन तिथि से एक सप्ताह पूर्व मतदाता सूची में कोई परिवर्तन नहीं किया जा सकता, इसके बावजूद अंतिम समय तक सूची में बदलाव किया गया. इसके अतिरिक्त चुनाव प्रक्रिया, मतदान व मतगणना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी नहीं करायी गयी, जो पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है. इन्ही अनियमितताओं के आधार पर रजनीश कुमार ने चुनाव परिणाम को निरस्त कर निष्पक्ष तरीके से पुनः चुनाव कराने की मांग की है.

—————

—————-

किसानों के समर्थन में उतरा प्रगतिशील किसान मोर्चा, शीघ्र मुआवजे की मांग

बड़हिया. प्रखंड के खुटहा पश्चिमी पंचायत के खुटहाडीह दियारा क्षेत्र में शनिवार को हुई भीषण अगलगी की घटना के बाद अब किसानों के समर्थन में आवाज तेज होने लगी है. इस अग्निकांड में करीब 50 बीघा में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गयी थी, जिससे दर्जनों किसान सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं.

आर्थिक संकट में घिरे 15 किसान

घटना के बाद प्रगतिशील किसान मोर्चा बड़हिया ने पीड़ित किसानों के पक्ष में मोर्चा खोलते हुए सरकार से शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है. मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष रामस्वारथ सिंह, कार्यकारी सचिव भोला सिंह, सदस्य अविनाश सिंह और रंजय सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि इस हादसे ने लगभग 15 किसानों को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है. किसान नेताओं ने दुख जताते हुए कहा कि प्रभावित किसानों की साल भर की मेहनत पलभर में राख हो गयी, जिससे उनके सामने परिवार के जीवनयापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है.

प्रशासन से उचित आकलन की मांग

मोर्चा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि घटनास्थल पर राजस्व अधिकारियों को भेजकर जल्द सर्वे कराया जाय. उन्होंने नुकसान का सही आकलन करते हुए पीड़ित किसानों को जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि वे इस प्राकृतिक आपदा के प्रभाव से उबर सकें और अगली फसल की तैयारी कर सकें. स्थानीय किसानों ने भी प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद लगा रखी है.

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन