जनता के साथ बेहतर संवाद करना पुलिस की जिम्मेदारी: थानाध्यक्ष
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 04 Apr 2026 7:32 PM
स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को रॉल-कॉल व समीक्षा बैठक आयोजित की गयी, जिसमें पुलिस प्रशासन ने कार्यों की प्रगति और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया
रॉल-कॉल एवं समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया गया निर्देश
हलसीस्थानीय थाना परिसर में शनिवार को रॉल-कॉल व समीक्षा बैठक आयोजित की गयी, जिसमें पुलिस प्रशासन ने कार्यों की प्रगति और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने अपने-अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से लंबित मामलों, अनुसंधान की स्थिति और गश्ती व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की. बैठक में विशेष रूप से लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने पर जोर दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे मामलों के अनुसंधान में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें. साथ ही, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए नियमित गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने को कहा गया. उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाय. इसके अलावा, त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया. बैठक के अंत में पुलिस कर्मियों को अनुशासन, समय पालन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की हिदायत दी गयी, ताकि हलसी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और आमजन को सुरक्षित वातावरण मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










