बड़हिया में गंगा का जलस्तर बढ़ा, कॉलेज घाट की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी, प्रशासन अलर्ट

Updated:
विज्ञापन

फोटो- बड़हिया कॉलेज घाट पर बढ़ा गंगा का जलस्तर | Prabhat Khabar Network

बड़हिया में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से कॉलेज घाट तक पानी पहुंच गया है। प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए नावों की व्यवस्था और राहत कार्य की तैयारियां तेज कर दी हैं।

विज्ञापन

Lakhisarai Flood Alert: बड़हिया (लखीसराय). गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए बड़हिया क्षेत्र में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. कॉलेज घाट पर पानी सीढ़ियों तक पहुंचने के बाद संभावित बाढ़ की आशंका को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.

बाढ़ से निपटने की तैयारियां तेज

अंचल प्रशासन के अनुसार संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए अब तक 13 निजी नावों का एग्रीमेंट किया गया है, जबकि आठ सरकारी नावें पहले से विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध हैं. प्रशासन ने कुल 19 नावों की आवश्यकता बताई है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

नोडल अधिकारियों की होगी तैनाती

बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए सभी पंचायतों में जल्द ही नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि इससे राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में तेजी आएगी.

एसडीआरएफ की टीम तैनात

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए छह सदस्यीय एसडीआरएफ टीम को 29 जुलाई से 28 अगस्त तक क्षेत्र में तैनात किया गया है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल घाटों पर एसडीआरएफ टीम की सक्रिय मौजूदगी दिखाई नहीं दे रही है.

राहत शिविर की भी तैयारी

प्रशासन ने जीआर (ग्रेच्युटस रिलीफ) सहायता के लिए सभी मुखिया और जनप्रतिनिधियों को पात्र परिवारों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जलस्तर और बढ़ता है तथा लोगों के विस्थापन की स्थिति बनती है तो आवश्यकता के अनुसार राहत शिविर शुरू किए जाएंगे.

खुटहा के ग्रामीणों ने उठायी नाव की मांग

Lakhisarai Flood Alert: खुटहा क्षेत्र के ग्रामीणों ने सरकारी नाव उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान नाव के अभाव में लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सरकारी नाव उपलब्ध कराने की मांग की है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन