आंधी तूफान की चेतावनी, किसानों ने गेहूं की कटनी व दौनी में लायी तेजी
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 06 Apr 2026 11:06 PM
आंधी तूफान की चेतावनी, किसानों ने गेहूं की कटनी व दौनी में लायी तेजी
आंधी-बारिश की आशंका से सहमे किसान, गेहूं की कटनी व थ्रेसिंग में आयी तेजी
पूर्वी व मध्य बिहार में बिगड़ सकते हैं हालात, सोमवार को दिन भर आसमान में छाए रहे बादल.
पिछले साल के नुकसान से सबक लेकर सुरक्षित फसल समेटने की मची होड़.
बाजार में 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा गेहूं. आने वाले दिनों में दाम बढ़ने की उम्मीद
लखीसराय. जिले सहित उत्तरी, पूर्वी व मध्य बिहार के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जतायी जा रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान व सोमवार को दिन भर आसमान में छाए बादलों को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गयी है. खराब मौसम की आशंका के बीच किसानों ने अपनी गेहूं की फसल को सुरक्षित करने के लिए कटनी व थ्रेसिंग (दौनी) के कार्य में भारी तेजी ला दी है.
पिछले साल के घाटे से डरे हैं किसान
किसानों के बीच गेहूं की कटनी कर तुरंत थ्रेसर संचालक को बुलाकर दौनी कराने की होड़ मची है. इसका मुख्य कारण पिछले साल हुई बेमौसम बारिश है, जिसमें अधिकांश किसानों की गेहूं की फसल काफी हद तक खराब हो गयी थी. फसल भीगने के कारण किसानों को अपनी उपज कौड़ियों के भाव बेचनी पड़ी थी. किसान बाल्मीकि यादव, दियारा क्षेत्र के किसान अजय सिंह, दिलीप सिंह और जयराम सिंह ने बताया कि अगर इस बार भी फसल बारिश की चपेट में आ जाती, तो लगातार दूसरे साल किसानों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ता, जिसकी भरपाई नामुमकिन होती.
दाम बढ़ने की उम्मीद, दियारा में काम अंतिम चरण पर
वर्तमान में बाजार में गेहूं की कीमत 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बनी हुई है. जानकारों का मानना है कि कुछ ही दिनों में गेहूं के दामों में और बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है. ऐसे में किसान जल्द से जल्द अनाज को सुरक्षित गोदामों तक पहुंचाना चाहते हैं. दियारा क्षेत्र के अधिकांश किसान अपनी फसल की दौनी का कार्य पूरा कर चुके हैं, जबकि शेष किसान युद्धस्तर पर इस कार्य में जुटे हुए हैं. प्रशासन ने भी किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










